
MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : मुज़फ़्फ़रपुर के बाबा गरीबनाथ मंदिर में श्रावणी मेला 2019 के दौरान बाबा के जलाभिषेक को पहुँचने वाले कांवरियों की सेवा सुश्रुषा और दल के स्वयंसेवक द्वारा श्रावण मास में जलाभिषेक को लेकर बाबा मंदिर के दिये गए दिशा निर्देशों के अनुसार सदस्यों की पहचान पत्र निर्गत कराने हेतु महाकाल सेवा दल के सदस्यों द्वारा बैठक आयोजित की गयी.

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि महाकाल सेवा दल के सदस्यों को मंदिर प्रबंधन द्वारा जारी पहचान पत्र हेतु पहचान पत्र की छाया प्रति के साथ फोटो आगामी 5 जून तक कार्यालय में जमा करा दिया जाये. साथ ही हर वर्ष कांवडियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुये महाकाल सेवा दल के सदस्यों द्वारा वाॅकी-टाॅकी से लैस होकर भीड़ को नियंत्रित करने का कार्य किया जायेगा.

बैठक की अध्यक्षता महाकाल सेवा दल के अध्यक्ष नथुनी महतो ने की. वहीं महाकाल सेवा दल के संरक्षक व मंदिर के पुजारी अभिषेक पाठक द्वारा मंदिर में सेवा हेतु आवश्यक बातों पर चर्चा की गयी. बता दें कि बाबा गरीबनाथ मंदिर में प्रत्येक वर्ष 7 सेवा दलों के हज़ारों की संख्या में स्वयंसेवकों द्वारा लाखों कांवरियों की नि:स्वार्थ भाव से सेवा सुश्रुषा की जाती है.

बैठक के दौरान महाकाल सेवा दल के सचिव आकाश चौधरी, सदस्य प्रकाश, रामजी महतो, रोहित, सुशांत, मनीष, कुणाल, अजीत पटेल, कन्हाई, अमर कुमार, सागर, सोनू सहित दर्जनों सदस्य उपस्थित रहे.
