
HAJIPUR : हाजीपुर शहर के नगर थानान्तर्गत बागमली स्थित निषाद गैस एजेंसी में धावा बोलकर हथियारबंद अपराधियों ने लगभग 22 लाख रुपये लूटे जाने का मामला प्रकाश में आया है. घटना रविवार की शाम करीब 7 बजे की बतायी जा रही है. हालांकि लूटी गई राशि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है. घटना के बाद जानकारी मिलते ही वैशाली पुलिस अधीक्षक मानवजीत सिंह ढिल्लों मौके पर पहुँच कर जांच पड़ताल की और सभी कर्मचारियों से अलग-अलग पूछताछ कर मामले की जानकारी ली.

मिली जानकारी के अनुसार हाजीपुर के नगर थानान्तर्गत हथसार में स्थित मुजफ्फरपुर के भाजपा सांसद अजय निषाद के निषाद गैस एजेंसी में करीब आठ-दस की संख्या में आए बाईक सवार सशस्त्र हथियारबंद अपराधियों ने गैस एजेंसी पर धावा बोल कर सबसे पहले गोदाम इंचार्ज उमेश राय को चाकू और पिस्टल के बल पर अपने कब्जे में ले लिया और गोदरेज अलमीरा की चाबी की मांग करने लगे. इस बीच दो अन्य अपराधकर्मियों की नजर अलमीरा के बगल में लटके चाबी पर पड़ गई और वे बोलने लगे कि चाबी मिल गई और अलमीरा खोल कर पैसे ढूंढने लगे.

बताया जाता है कि घटना के वक्त एजेंसी में तीन कर्मचारी समेत चार व्यक्ति मौजूद थे. अपराधियों ने सभी को हथियार के बल पर कब्जे में ले लिया था. इस बीच अलमीरा में दो दिनों की बिक्री के रखे लगभग 19 लाख रुपयों के अलावा सांसद के रिश्तेदार धन्नु बाबू के रखे 2 लाख रुपये और वैशाली के अंजानपीर के मोटर पार्ट्स व्यवसायी चिंटु कुमार के रखे एक लाख रुपयों समेत कुल 22 लाख रुपये के लगभग लूट लिए.

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम से रविवार की शाम तक गैस एजेंसी के बिक्री के लगभग 19 लाख रुपये और अंजानपीर के मोटर पार्ट्स व्यवसायी चिंटु कुमार के एक लाख रुपये शनिवार और रविवार बैंक बंद होने के कारण एजेंसी में ही रखे थे, वहीं धन्नु बाबू ने किसी कार्य के लगभग दो लाख रुपये भी एजेंसी में ही रखवाये थे.

पैसे लूटने के बाद जाते समय अपराधियों ने गोदाम इंचार्ज उमेश राय, कर्मचारी श्याम सहनी, रघुनाथ सिंह और सोनपुर के एक गैस वेंडर का मोबाईल छीनने के साथ ही वेंडर की जेब में रखे 5 हजार रुपये और कर्मचारी रघुनाथ सिंह की बाईक भी लूट ली और सभी के हाथ-पैर बांधकर कार्यालय में बाहर से दरवाजा बंद कर दिया. लूट के दौरान अपराधियों ने गैस एजेंसी कार्यालय में लगे सीसीटीवी का हार्ड डिस्क भी उठा कर ले गये.

बताया जा रहा है कि अपराधी 8-10 की संख्या में थे और गैस एजेंसी के मुख्य द्वार पर बाईक लगाकर 6 से 8 अपराधी अन्दर घुसे थे, बाकी गेट पर ही खड़े थे और आसपास नजर रखे हुये थे. घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी बाइक से अलग-अलग दिशा में फरार होने की बात स्थानीय लोगों द्वारा बताई जा रही है.

लूट की इस वारदात की सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस समेत कई पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंच कर मामले की गहन छानबीन में जुट गयी हैं. आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे है. वहीं घटना में किसी स्थानीय लाईनर होने की संभावना जताई जा रही है, जिसे हर चीज की जानकारी पूर्व से थी.

जानकारी के अनुसार गैस एजेंसी मुजफ्फरपुर से भाजपा के सांसद अजय निषाद की बतायी जाती है. इधर सांसद अजय निषाद ने बताया कि उन्हें भी अभी-अभी जानकारी मिली है. अभी वह दिल्ली में है. दूरभाष पर घटना के बारे में जानकारी हासिल कर रहें हैं और लूट के संबंध वरीय अधिकारियों से संपर्क में हैं.

मुजफ्फरपुर सांसद के गैस एजेंसी में घटित लगभग 22 लाख रुपये की लूट से वैशाली पुलिस के होश उड़ गये हैं. पुलिस अधीक्षक मानवजीत सिंह के दिशा निर्देश पर जिले की सीमा सील कर सघन वाहन जाँच की जा रही है. वहीं लूट के दौरान अपराधियों द्वारा सीसीटीवी के हार्ड डिस्क उठा कर ले जाने से पुलिस टीम को अपराधकर्मियों को चिन्हित करने में खासी मशक्कत करनी पड़ सकती है. फिलहाल आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर पुलिस अपराधियों की तलाश में संभावित स्थानों पर छापेमारी कर रही है.
