
MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : मुजफ्फरपुर में शराब मामले में गिरफ्तार आरोपी मुजफ्फरपुर न्यायालय से हथकड़ी के साथ फरार हो गया. मंगलवार 28 मई को उसे पेशी के लिए एडीजे-2 न्यायालय लाया गया था. पेशी से पूर्व वकील के चैम्बर से चकमा देकर वह फरार हो गया. कैदी के फरार होने की सूचना ने पुलिस के होश उड़ा दिए हैं. आनन-फानन में पुलिस फरार कैदी की गिरफ्तारी में जुट गयी है. सभी थाना क्षेत्रों को अलर्ट करते हुए गिरफ्तारी का निर्देश दिया गया है. मामले में संज्ञान लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक ने लापरवाही बरतने के मामले में सिपाही को निलंबित कर दिया है.

मुजफ्फरपुर कोर्ट में कैदी के फरार होने में पुलिस की लापरवाही सामने आयी है. फरार कैदी कथैया थाना क्षेत्र निवासी वासुदेव राय के पुत्र सूरज राय को कुछ माह पूर्व उत्पाद विभाग द्वारा शराब मामले में सजायाफ्ता है. गिरफ्तार सूरज राय को उक्त मामले में 5 वर्ष कारावास की सजा न्यायलय द्वारा सुनाई गई थी. वहीं आज उक्त कैदी की एक अन्य मामले में पेशी के लिए एडीजे कोर्ट में लाया गया था जहां एडीजे कोर्ट नं 2 में उसकी सुनवाई होनी थी.

सूचनानुसार कैदी को पेशी के लिए ले कर आए सिपाही ने कैदी को उसके वकील के चैंबर में वकील के भरोसे बिठा कर खुद पेशाब करने चला गया. लौटने पर पाया कि कैदी हथकड़ी लेकर फरार है. कैदी के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस के होश उड़ गए. सुचना मिलते ही दल बल के साथ मौके पर पुलिस उपाधीक्षक नगर मुकुल रंजन पहुंचे और सिपाही से पूछताछ कर छानबीन की, साथ ही वकील के चैम्बर में जाकर जांच पड़ताल भी की.

वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया की कैदी के फरार होने में तैनात सिपाही की लापरवाही उजागर हुई है, दोषी सिपाही को तत्काल प्रभाव से मुक्त कर दिया गया है. वहीं फरार कैदी की गिरफ़्तारी हेतु पुलिस उपाधीक्षक नगर मुकुल रंजन के नेतृत्व में एक टीम गठित की गयी है जो संभावित स्थानों पर छापेमारी कर फरार कैदी की गिरफ़्तारी के लिए प्रयासरत है.
