सीेएम नीतीश कुमार की इफ्तार पार्टी में शामिल हुए कांग्रेस नेता, राजनीतिक गलियारों में अटकलों का बाजार गर्म

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना में मंगलवार को अपने आवास पर इफ्तार की पार्टी दी थी। नीतीश कुमार की इस पार्टी में कांग्रेस विधायक डॉक्टर शकील अहमद खान भी शामिल हुए। पार्टी में भाजपा और जदयू के कई नेता मौजूद थे। पार्टी में पहुंचे कांग्रेस विधायक ने भाजपा-जदयू के नेताओं से बातचीत की।

विधायक डॉक्टर शकील अहमद खान के सीेएम नीतीश कुमार की इफ्तार पार्टी में शामिल होने के बाद से बिहार कांग्रेस में टूट की संभावना को लेकर राजनीतिक गलियारों में अटकलों का बाजार गर्म हो गया है। शकील खान ने महागठबंधन के खिलाफ बयान भी दिया है। उन्होंने महागठबंधन की हार के लिए राजद और लालू परिवार को जिम्मेदार माना है।

बता दें कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने बिहार में मात्र एक सीट पर अपनी जीत दर्ज की है, जबकि राजद जैसे उसके सहयोगी दल अपना खाता भी नहीं खोल पाए। ऐसे में बिहार कांग्रेस के विधायक के सीएम नीतीश कुमार के इफ्तार पार्टी में शामिल होने से कई आशंकाएं जाहिर की जा रही हैं।

वहीं कांग्रेस की सहयोगी पार्टी राजद में भी लोकसभा चुनाव के परिणाम के बाद से उथल-पुथल मची हुई है।राजद को मिली करारी शिकस्त के बाद पार्टी के मंगलवार को पूर्व सीएम राबड़ी देवी के 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास पर समीक्षा बैठक की गई। इस बैठक में राजद नेताओं ने तेजस्वी यादव नेतृत्व पर विश्वास जताया और आगामी विधानसभा चुनाव भी उन्हीं के नेतृत्व में लड़ने की बात कही।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.