उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा है कि बिहार में लालू प्रसाद इस सच का सामना नहीं करना चाहते कि सोलर लाइट और एलईडी के आगे लालटेन बेकार हो चुकी है। मंगलवार को ट्वीट कर मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने पहले कार्यकाल में करोड़ों गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के लिए बड़े कदम उठाते हुए जिस तरह से दुनिया में भारत का मान बढाया, उससे जनता का अपार समर्थन मिला। अखिलेश यादव ने स्वीकार कर लिया कि एनडीए की फरारी से मुकबला करने में उनकी साइकिल का हारना स्वाभाविक था, लेकिन लालू यादव अभी भी सच से भाग रहे हैं।

मोदी ने कहा कि कांग्रेस और राजद के नेताओं ने लोकसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री-मुख्यमंत्री के विरुद्ध इतने अनर्गल, अमर्यादित और तथ्यहीन बातें कहीं कि जनता ने उन्हें कुछ बोलने लायक ही नहीं छोड़ा। दोनों दलों ने मीडिया से दूर रहने का फैसला किया है, पर उसके लिए प्रेस पर पक्षपात का आरोप लगाने के बजाय उन्हें अपने इस कदम को मौन प्रायश्चित कहना चाहिए। जो संविधान बचाने की कसमें खाते हैं, उन्हें चुनाव आयोग और मीडिया पर भरोसा क्यों नहीं है?
