सलमान खान और कैटरीना कैफ की हालिया रिलीज हुई फिल्म भारत ने सोमवार को अपनी कमाई में और इजाफा करते हुए देश में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की सूची में एक पायदान और ऊपर चढ़ गई। भारत ने फिल्म तनु वेड्स मनु रिटर्न्स को 19वीं पायदान से खिसकाकर वहां अपनी जगह बना ली है।ऐसा अनुमान लगाया जा रहा कि गुरुवार तक यह फिल्म बाजीराव मस्तानी की कमाई के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ देगी।

भूषण कुमार, अतुल अग्निहोत्री और खुद सलमान खान की बतौर निर्माता बनाई गई फिल्म भारत ने सोमवार को नौ करोड़ 20 लाख रुपये की रकम अपने बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में जोड़ी। इसके साथ ही फिल्म भारत की कमाई अब बढ़कर 159 करोड़ 30 लाख रुपये हो गई है। इसी के साथ यह फिल्म 150 करोड़ या उससे अधिक कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में 19 वें नंबर पर आ गई है।

इससे आगे इस साल रिलीज हुई विकी कौशल की फिल्म उरी – द सर्जिकल स्ट्राइक ही है। साल 2019 में कमाई करने वाली टॉप फाइव फिल्मों में इन दोनों फिल्मों के अलावा केसरी, टोटल धमाल और गली बॉय शामिल हैं।
