भागलपुर. नारायणपुर के दुधेला दियारा में शुक्रवार रात पौने दो बजे पुलिस व दिनेश मुनि गिरोह के डकैतों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में पसराहा के थानेदार अशीष कुमार सिंह शहीद हो गए। मुठभेड़ में एक सिपाही को भी गोली लगी है। पुलिस ने भी दिनेश मुनि गिरोह के एक डकैत को मार गिराया है। शहीद थानेदार 2009 बैच के थे। वह सहरसा के निवासी थे।
घटना की जानकारी पाकर खगड़िया एसपी निधि रानी दुधेला दियारा रवाना हो गईं। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस के जवान और ऑफिसर कैंप कर रहे हैं। जख्मी सिपाही को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल लाया गया। इसके लिए विक्रमशिला पुल पर विशेष व्यवस्था की गई।
डकैत का पीछा कर रहे थे थानेदार
थानेदार एक डकैत का पीछा करते हुए दुधेला दियारा में पहुंच गए थे। उनके साथ चार सिपाही भी थे। इसी दौरान दियारा में डकैतों ने पुलिस पर हमला बोल दिया।
पुलिस ने भी डकैतों का जमकर मुकाबला किया, लेकिन एक गोली थानेदार के पेट में लग गई। जख्मी हालत में भी थानेदार ने एक अपराधी को मार गिराया।
थानेदार के बचाव में फायरिंग करने वाले एक सिपाही को भी गोली लग गई, जिसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। दोनों ओर से करीब 100 से अधिक राउंड गोली चली है।