हिंदी सिनेमा की मशहूर अदाकारा करीना कपूर की टीवी में बिग एंट्री माने जा रहे शो के शुरू होने से पहले ही इसके होस्ट धीरज धूपर ने शो छोड़ दिया है। इस शो से अलग होने का कारण धीरज ने समय की कमी बताया है। लेकिन, समझा जा रहा है कि यह कदम धीरज धूपर ने बिग बॉस 13 के लिए अपनी डेट्स खाली रखने के चलते उठाया है।

बीते महीने लॉन्च हुए इस शो से करीना कपूर अपना टीवी डेब्यू करने वाली हैं। इस शो में करीना बतौर जज की भूमिका में नज़र आएंगी। शो के ऑन एयर जाने से पहले ही होस्ट धीरज धूपर के शो को छोड़ने के बाद अब निर्माताओं को एक नया होस्ट ढूंढना पड़ेगा।
धीरज कहते हैं कि वह इस शो को करने के लिए खूब उत्साहित थे लेकिन अपनी अन्य प्रतिबद्धताओं के चलते उन्हें इस शो को छोड़ना पड़ रहा है।

सूत्रों के मुताबिक धीरज धूपर को बिग बॉस 13 के लिए तगड़ा ऑफर मिला है और इस बारे में उनकी शो के मेकर्स से कई दौर की बात भी हो चुकी है। धीरज से अपनी डेट्स इस हिसाब से खाली रखने को कहा गया है कि सब कुछ ठीक
रहे तो उन्हें शो में शामिल किया जा सके।