इलेक्ट्रिक कार और साइकिल के बारे में तो आप सभी ने सुना होगा, लेकिन क्या आपने कभी इलेक्ट्रिक प्लेन के बारे में सुना है ? ये खबर आप में से कुछ लोगों को हैरान कर सकती है कि बहुत जल्द इलेक्ट्रिक प्लेन आ सकते हैं। दरअसल हाल ही में पेरिस के एक एयर शो में विश्व के पहले इलेक्ट्रिक प्लेन का प्रदर्शन किया गया था।
टाइम्स ऑफ इजराइल की खबर के अनुसार, विश्व के सबसे बड़े एयरक्राफ्ट इवेंट ‘पेरिस एयर शो’ में इलेक्ट्रिक एयरप्लेन का प्रदर्शन हुआ। बता दें कि इस अनोखे ई-प्लेन का नाम एलिस (Alice) है।

ई-प्लेन बनाने वाली कंपनी ने कहा है कि इसकी बैटरी का वजन प्लेन के कुल वजन का 65 फीसदी है। इसकी खास बात यह है कि ये इलेक्ट्रिक गाड़ी की तरह ही चार्ज होगा और फुल चार्ज होने पर यह 600 मील या करीब 1000 किलोमीटर तक उड़ान भर सकता है। हालांकि फेडरल एविएशन अथॉरिटी से सर्टिफिकेट लेने के लिए अभी एलिस की और टेस्टिंग की जाएगी। इसमें कुछ सालों का समय लगेगा।
