बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना की दमदार अदाकारी और अनुभव सिन्हा के सुलझे हुए निर्देशन के चलते पहले वीकेंड में ही अपनी पूरी लागत निकालने में कामयाब रही, फिल्म आर्टिकल 15 की सफलता का सेहरा अब जी स्टूडियोज भी अपने सिर बांधने की कोशिश कर रहा है।

फिल्म की रिलीज से पहले इससे जुड़े किसी भी सवाल या प्रचार सामग्री से कन्नी काटने वाले जी स्टूडियो ने मंगलवार को एक बयान जारी कर फिल्म के क्रिकेट वर्ल्ड कप में भारत और इंग्लैड की टीमों के बीच हुए मैच के दिन भी शानदार प्रदर्शन करने पर खुशी जताई है।

फिल्म आर्टिकल 15 ने रिलीज के पहले वीकएंड के दौरान भारत में 20 करोड़ चार लाख रुपये और विदेश में सात करोड़ रुपये का कारोबार किया है। करीब 20 करोड़ की लागत से बनी फिल्म के पहले हफ्ते में कुल 35 से 40 करोड़ रुपये का कारोबार करने का अनुमान है। और, इसी के साथ ये फिल्म कंटेंट ड्रिवेन सिनेमा के अलमबरदार बन चुके आयुष्मान की हिट फिल्मों में एक और फिल्म की गिनती बढ़ा देगी।