मुजफ्फरपुर में हुए एक्स मेयर समीर कुमार हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. मुजफ्फरपुर पुलिस ने आरोपी श्यामनंदन मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है. आपको बता दें कि मुजफ्फरपुर में बीते 23 सितंबर को ही मुजफ्फरपुर में एक्स मेयर की एके – 47 से हत्या कर दी गई थी. इसी सिलसिले में पुलिस श्यामनंदन मिश्रा की तलाश में जुटी हुई थी. अब पुलिस ने उसे अरेस्ट कर लिया है.

मालूम हो कि पूर्व मेयर समीर हत्याकांड के खुलासे में लगी टीम शूटर व साजिशकर्ता की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही थी. विशेष टीम ने मिठनपुरा, सकरा व मुशहरी में छापेमारी की थी. देर रात मनियारी थाना क्षेत्र में भी छापेमारी की गयी. शनिवार की देर रात शुरू हुई छापेमारी रविवार की अहले सुबह तक चली. इस क्रम में सकरा और मनियारी से दो युवकों को हिरासत में लिया गया.
हालांकि, दोनों से लंबी पूछताछ के बाद रविवार दोपहर मुक्त कर दिया गया. बताया जाता है कि दोनों युवक ने इस घटना में शामिल साजिशकर्ता जमीन कारोबारी श्यामनंदन मिश्रा व शूटर गोविंद के संबंध में कई महत्वपूर्ण जानकारी दी थी.
पुलिस उक्त जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुट गयी थी. पुलिस सूत्रों की मानें, तो पुलिस टीम सिंडिकेट को छोड़ शूटर और साजिशकर्ता की तलाश में लग गयी थी. इसी बीच सूत्रों से खबर मिल रही है कि पुलिस ने आरोपी श्यामनंदन मिश्रा को दबोच लिया है.