बिहार-झारखंड में नक्सलियों ने बुलाया बंद, प्रशासन अलर्ट

पाकुड़ के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक अमरजीत बलिहार की हत्या के आरोप में भाकपा माओवादियों के दो सदस्यों को अदालत के द्वारा फांसी की सजा मुकर्रर करने के विरोध में माओवादियों ने झारखंडबिहार के 13 जिलों में आज और कल बंद का ऐलान किया है. प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी ने 16 और 17 अक्टूबर को बिहार और झारखंड में दो दिवसीय बंद की घोषणा की है. बिहार के सात जिले और झारखंड के छह जिले में बंद का आह्वान है. भाकपा माओवादी के पूर्वोत्तर झारखंड स्पेशल एरिया कमेटी के प्रवक्ता प्रतीक ने यह जानकारी दी है.

नक्सलियों के बंद को देखते हुए बिहार और झारखंड में पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में हैं. झारखंड के गिरिडीह, दुमका पाकुड़, कोडरमा, देवघर और गोड्डा में जबकि बिहार के नवादा, भागलपुर, बांका, मुंगेर, लखीसराय, जमुई एवं शेखपुरा में बंदी का एलान किया गया है. बंद के दौरान कोई भी अनहोनी नहीं हो इसके लिए पुलिस प्रशासन चौकस है. इस बीच त्यौहार को लेकर पुलिस पहले से ही सजग है.

पाकुड़ के एसपी अमरजीत बलिहार हत्याकांड में दुमका कोर्ट ने दोषियों को सजा सुनाई थी. कोर्ट ने एसपी की हत्या का दोषी मानते हुए दोनों नक्सलियों सुखलाल उर्फ प्रवीर और सनातन बास्की उर्फ ताला को फांसी की सजा सुनाई है. जबकि पांच आरोपियों को साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया था. जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश चतुर्थ तौफीकुल हसन की कोर्ट ने दोनों नक्सलियों को फांसी की सजा सुनाई थी.

उल्लेखनीय है कि 2 जुलाई 2013 को दुमका से पाकुड़ लौटने के दौरान काठीकुंड के आमतल्ला के पास पाकुड़ के तत्कालीन एसपी अमरजीत बलिहार के काफिले पर नक्सलियों ने एके-47, इंसास राइफल और एसएलआर से गोलीबारी की थी. इसमें एसपी के अलावा 5 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी. इस मामले में सुखलाल मुर्मू उर्फ प्रवीर समेत चार नक्सलियों को नामजद अभियुक्त बनाया गया था.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading