पटना : पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। राजधानी और आसपास के इलाके में लगातार हो रही मोटरसाइकिल लूट और चोरी की वारदात पर नकेल कसते पुलिस ने बाइक लुटेरा गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिसमें सरगना भी शामिल है। वहीं गिरफ्तार लुटेरों की निशानदेही पर पुलिस ने लूट की 5 बाइक, 6 मोबाइल और कई मास्टर चाभी बरामद किया है।

बताया जा रहा है कि बेउर थाना पुलिस को सूचना मिली कि बेऊर जेल के पीछे कुछ बदमाश बाइक लूट की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही थानेदार रंजन कुमार दल–बल के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर रंजन कुमार व दिलीप कुमार को मास्टर की के साथ दबोच लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने राघोपुर दियारा में छापेमारी कर तीन बदमाशों को लूट की बाइक के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार बदमाशों ने पूछताछ के दौरान पटना के कई थाना क्षेत्र से दर्जनों बाइक लूट और चोरी की घटना को अंजाम दिए जाने का खुलासा किया।

गिरफ्तार लूटेरों में वैशाली निवासी रंजन कुमार, गणोश कुमार, राघोपुर निवासी जज राय राघोपुर, सुनील कुमार और दानापुर निवासी दिलीप कुमार यादव शामिल है। पुलिस ने बताया कि सभी अरोपित पहले भी चोरी और लूट मामले में जेल जा चुके हैं।