सहरसा में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के विधायक नीरज कुमार बबलू ने कहा है कि जब तक उत्तर प्रदेश की तरह अपराधियों का एनकाउंटर नहीं किया जाता, कानून–व्यवस्था की स्थिति नहीं सुधरेगी.*

सहरसा में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के विधायक नीरज कुमार बबलू ने कहा है कि जब तक उत्तर प्रदेश की तरह अपराधियों का एनकाउंटर नहीं किया जाता, कानून–व्यवस्था की स्थिति नहीं सुधरेगी. उन्होंने अपने ही गठबंधन के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को उत्तर प्रदेश के अपने सहयोगी योगी आदित्यनाथ की एनकाउंटर पॉलिसी अपनाने की सलाह दी.
बबलू ने कहा कि बिहार में अपराध का ग्राफ बढ़ा है और मुख्यमंत्री पुलिसवालों को कहते हैं कि सुस्ती छोड़ गश्त बढ़ाएं. उन्होंने कहा, “इन सबसे अपराध कम नहीं होगा, गिरफ्तारी से भी अपराध कम नहीं होगा. जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हिम्मत दिखाकर यूपी के मुख्यमंत्री योगी जी के तर्ज पर अपराधियों के एनकाउंटर का आदेश देंगे, तभी अपराध का ग्राफ गिरेगा.”
नीरज कुमार बबलू सुपौल के छातापुर से बीजेपी विधायक हैं. वो सलारपुर दियारा में अपराधियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हुए दारोगा आशीष कुमार सिंह के पैतृक गांव सरोजा पहुंचे थे.
उन्होंंने कहा कि अगर खगड़िया एसपी पर भी कोई आरोप लगा है तो उसकी जाँच होनी चाहिए और जाँच के बाद कार्रवाई भी होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी बात है कि अभी इनके परिवार को सहारे की जरूरत है, जो सीएम को तुरंत उपलब्ध करानी चाहिए.
बबलू के मुताबिक 10 लाख मुआवजा बेहद कम है. शहीद आशीष के परिजन को 25 लाख रुपए की मदद देने की मांग करते हुए बबलू ने जल्द ही दारोगा की पत्नी को सरकारी नौकरी देने की मांग की.