मशहूर निर्देशक शूजीत सरकार की अगली फिल्म गुलाबो सिताबो की शूटिंग पिछले कई दिन से लखनऊ में चल रही है। फिल्म के कुछ तस्वीरों में अमिताभ बच्चन एक लखनवी चच्चा के गेटअप में दिखाई दे रहे हैं लेकिन, अब तक फिल्म के दूसरे हीरो आयुष्मान खुराना की कोई फोटो बाहर नहीं आई
आयुष्मान अब गुलाबो सिताबो की शूटिंग शुरू कर रहे हैं और फिल्म में अमिताभ बच्चन के साथ अपने पहले सीन को लेकर उनके पेट में काफी गुटर पुटर हो रही है।

फिल्म गुलाबो सिताबो के पहले दिन की शूटिंग करने से पहले आयुष्मान ने कहा, ‘शूजीत सर के साथ जब से मैंने विकी डोनर के लिए काम किया, तब से मैं केवल उनके जैसे जीनियस के साथ ही दोबारा काम करना चाह रहा था। वह एक मास्टर स्टोरीटेलर हैं और हिंदी सिनेमा में उनकी बिल्कुल अलग और अनोखी शैली है। मुझे इस बात की बेहद खुशी है कि उन्होंने मुझे गुलाबो सिताबो में कास्ट करने का फैसला किया।’
‘अमिताभ सर के साथ काम करने का मेरा जिंदगी भर का सपना साकार करने के लिए भी मैं शूजीत सर को धन्यवाद देता हूं। यह मेरे लिए एक जैकपॉट की तरह है और मैं अब भी यकीन नहीं कर पा रहा हूं कि मैं बच्चन साहब के साथ स्क्रीन स्पेस शेयर करूंगा और मुझे उनसे सीखने का सुनहरा मौका मिलने वाला है।’
