बक्सर. 14 अक्टूबर की रात गुजरात के सूरत के लिंबायत में साढ़े तीन साल की बच्ची से रेप किया गया था और इसके बाद बच्ची की हत्या कर दी गई थी। घटना के छह दिन बाद मामले के आरोपी अनिल यादव को शुक्रवार को बक्सर जिले के धनसोई थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।
तीन-चार दिन से चल रही थी छापेमारी
गुजरात पुलिस की विशेष टीम ने बक्सर पुलिस के सहयोग से अनिल को गिरफ्तार किया। वह इटाढ़ी प्रखंड के कुकुढा पंचायत के लोहंदी गांव का रहने वाला है।
सदर एसडीपीओ सतीश कुमार सिंह ने कहा कि गुजरात में हुई घटना के बाद वहां की एक टीम बक्सर आई हुई थी। तीन-चार दिन से रेड चल रहा था। शुक्रवार को आरोपी का लोकेशन पता चला। एक विशेष टीम की छापेमारी के दौरान आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
दो साल से नहीं आया था घर
सूरत में बच्ची की हत्या के बाद अनिल भागकर बक्सर आ गया था। आरोपी की मां धनवंती देवी ने कहा कि पुलिस और गांव के लोगों से मुझे इस संबंध में जानकारी मिली। बेटा कई साल से सूरत में रह रहा था। पिछले दो साल से घर नहीं आया था।
क्या है मामला?
14 अक्टूबर को गुजरात के सूरत के लिंबायत में साढ़े तीन साल की बच्ची के साथ रेप किया गया था।
आरोपी ने रेप के बाद कुकर्म का प्रयास किया। इसके बाद बच्ची के सिर पर डंडे से मारा, जिससे ब्रेन हेमरेज हो गया। अंत में आरोपी ने बच्ची का गला घोंट दिया।