राज्य की वैसी महिलाएं जो पढ़ना तो चाहती हैं पर घर से कॉलेज दूर होने की वजह से आगे की पढ़ाई नहीं कर पाईं, उनके लिए अच्छी खबर है। अब गांव की बहू-बेटियों को भी ग्रेजुएट होने का मौका मिलेगा। इसके लिए नालंदा खुला विश्वविद्यालय (एनओयू) राज्यभर में 87 नए अध्ययन केन्द्र खोलेगा। ये सेंटर ऐसेे प्रखंडों में खोले जाएंगे, जहां स्नातक स्तर के कॉलेज नहीं हैं।

ये केन्द्र वैसी महिलाओं को उच्च शिक्षा हासिल करने का बेहतर मौका उपलब्ध कराएंगे, जो घर-गृहस्थी के चक्कर में मैट्रिक और इंटर के बाद आगे की डिग्री नहीं ले पाईं हैं। राज्य सरकार ने ऐसे 87 प्रखंडों की सूची नालंदा खुला विश्वविद्यालय को सौंपी है, जहां स्नातक की डिग्री प्राप्त करने का कोई स्कोप नहीं था। इन्हीं प्रखंडों में नालंदा खुला विश्वविद्यालय ने इस सत्र से दाखिला लेना शुरू किया है।

इन केन्द्रों पर हर कोई दाखिला ले सकता है। सरकार की मदद से अब तक एनओयू ने 213 केन्द्र खोले हैं। सरकार का मानना है कि जब घर की बहू-बेटियां पढ़ेंगी, तभी समाज में सुधार आएगा।

Input: Hindustan