हिंदी सिनेमा में आज के अभिनेताओं में नंबर 1 पर चल रहे आयुष्मान खुराना की पिछले साल आई फिल्म ‘बधाई हो’ को राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा गया, जिसके साथ साथ फिल्म में अहम भूमिका निभा रही सुरेखा सीकरी ने भी एक राष्ट्रीय पुरस्कार अपने नाम किया।

इसी जीत को देख फिल्म बाधाई हो के निर्माताओं ने बधाई हो के सीक्वल का खुलासा किया है। जंगली पिक्चर्स निर्मित इस फिल्म के प्रोड्यूसर विनीत जैन का कहना है, “जंगली पिक्चर्स का मकसद हमेशा से ही प्रभावपूर्ण कहानियों को मजेदार तरीके से बड़े पर्दे पर दर्शाना रहा है।

नेशनल अवॉर्ड के रूप में मिली यह पहचान और सम्मान वाकई बेहद सुखद है। एक रोचक और सार्थक फिल्म बनाने के लिए मुझे अपनी टीम पर गर्व है।

फिल्म की स्क्रिप्ट लॉक की जा चुकी है और फिल्म बधाई हो के सीक्वल का नाम अभी बधाई हो 2 रखा गया है। इस बार फिल्म की कहानी एक संयुक्त परिवार और दो युवा जोड़ों के बीच होने वाले ड्रामा के इर्द गिर्द घूमेगी।
बधाई हो के रीमेक तमिल तेलुगू, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में बन रहे हैं।
