
MUZAFFARPUR : मुजफ्फरपुर बालिका गृह मामले में मुख्य आरोपी ब्रजेश ठाकुर के सफाईकर्मी को सीबीआई ने हिरासत में लिया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड के आरोपी ब्रजेश ठाकुर के संस्थानों के मिठनपुरा थाना क्षेत्र के चकबासु मोहल्ला निवासी सफाईकर्मी कृष्णा कुमार राम को सीबीआई की टीम ने आज गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी सीडब्लूसी के पूर्व अध्यक्ष दिलीप वर्मा कि गिरफ्तारी के फौरन बाद की गई है। विदित हो कि बालिका गृह मामले के प्रकाश में आने के बाद से ही दिलीप वर्मा फरार था। गिरफ्तार सफाईकर्मी कृष्ण कुमार राम को सीबीआई टीम ने न्यायालय में पेश करने से पहले स्वास्थ जाँच हेतु सदर अस्पताल ले गई है, जाँचोपरान्त उसे न्यायालय में हाजिर किया जायेगा। उम्मीद जताया जा रहा है कि गिरफ्तार सीडब्दिलूसी के पूर्व अध्यक्ष दिलीप वर्मा और सफाईकर्मी को पूछताछ हेतु रिमांड पर ले सकती है।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक सीबीआइ ने सोमवार अहले सुबह ही दिलीप वर्मा को उनके आवास से गिरफ्तार किया है. कहा जा रहा है कि दिलीप वर्मा से पूछताछ के बाद इस कांड से जल्द पर्दा उठ जाएगा. इसके साथ ही सीबीआइ ने मुजफ्फरपुर बालिकागृह यौनशोषण कांड के मुख्य आरोपी ब्रजेश ठाकुर की राजदार मधु कुमारी की गिरफ्तारी के लिए भी दबिश तेज कर दी है। सीबीआइ ने मधु कुमारी के दो परिजनों को भी हिरासत में लिया है और उनसे मधु कुमारी के ठिकानों के बारे में पूछताछ करेगी। सीबीआइ कई ठिकानों पर गुप्त छापेमारी कर रही है।

गौरतलब हो कि कुछ दिनों पूर्व ब्रजेश ठाकुर का ड्राईवर विजय और प्रेस में काम करने वाले एक कर्मी गुड्डू की निशानदेही पर सिकंदरपुर श्मशान घाट में सीबीआई ने खुदाई करवाई थी, जहाँ मानव कंकाल बरामद किया गया था, जिसकी जाँच चल रही है। यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बरामद कंकाल बालिका गृह से गायब लड़कियों के ही हैं। वहीं सीबीआई ने करजा निवासी गौरव उर्फ मोटू को भी रिमांड पर लिया था। बताया जाता है कि गौरव ने सीबीआई को कई अहम जानकारियाँ दी हैं जिसके आधार पर सीबीआई आगे की कार्रवाई में जुटी है।