आज PMO करेगा वित्त मंत्रालय के अधिकारियों के साथ बैठक, जाने क्या होगा मुद्दा।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की शनिवार (आज) को वित्त मंत्रालय के पांच सचिवों समेत शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक होगी, जिसमें दौलतमंद आयकरदाताओं पर सरचार्ज से लेकर ऑटो और रियल एस्टेट क्षेत्र की सुस्ती को दूर करने के उपायों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इससे पहले वित्तमंत्री ने कहा कि सरकार सुधार के उपायों पर विचार कर रही है।

पीएमओ के प्रधान सचिव नृपेंद्र मिश्रा शनिवार को वित्त मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। सूत्रों ने बताया कि उम्मीद की जा रही है कि वित्त मंत्रालय के अधिकारी इस बैठक में ऑटो और रियल्टी सेक्टर के साथ-साथ एफपीआई (विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों) से प्रभावित शेयर बाजार में सुस्ती को दूर करने के विकल्प व समाधान पेश करेंगे।

वित्तमंत्री निर्मला सीता रमण ने अहमदाबाद में शुक्रवार को कहा कि वित्तीय रुझानों में सुधार के मद्देनजर मंत्रालय अभी पीएमओ के साथ बातचीत कर रहा है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, “मैंने सोमवार से अब तक बैंकों, वित्तीय संस्थानों, एसएमई, उद्योग और ऑटोमोबाइल समेत पांच अलग-अलग समूहों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की है और उनकी समस्याएं सुनी हैं। हम विश्लेषण कर रहे हैं कि कौन से कदम उठाए जाएं”

वित्तमंत्री ने कहा, “गुरुवार हमने प्रधानमंत्री के साथ अर्थव्यवस्था को लेकर बैठक की।” उन्होंने कहा, “इस बात पर विचार-विमर्श किया जा रहा है। कौन से कदम उठाए जाएं। इस संबंध में तैयारी के बाद हम घोषणा करेंगे।” वित्त मंत्रालय की पहली प्राथमिकता एफपीआई कर का समाधान करना होगा, जिसके कारण बाजार में गिरावट आई है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.