
MUZAFFARPUR : मुजफ्फरपुर महापाप मामले में सीबीआई का बड़ा एक्शन हुआ है. सीबीआई ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी ब्रजेश ठाकुर के चचेरे मामा रामानुज ठाकुर को रोहुआ गांव से उठाया है. सीबीआई की टीम रामानुज ठाकुर से पूछताछ कर रही है. बताया जा रहा है कि सीबीआई किसी अज्ञात जगह पर उससे पूछताछ कर रही है. उम्मीद है कि रामानुज से पूछताछ में सीबीआई को अहम सुराग मिलेंगे. इससे पहले मंगलवार की रात सीबीआई की टीम गिरफ्त में लिए गए सफाईकर्मी कृष्णा कुमार राम, मधु की माँ और मधु की चचेरी बहन के बयान के आधार पर झंझारपुर पहुंच कर मधु की चचेरी बहन के ससुराल में भी लगभग तीन घंटे तक जांच की और पूछताछ की. मधु की चचेरी बहन के ससुराल और आसपास के स्थानीय लोगों से पूछताछ भी की गई है. बताया जा रहा है कि बालिका गृह के साथ ही मधु के सम्बन्ध में भी सीबीआई को कई अहम जानकारियाँ प्राप्त हुई है.
मिली जानकारी के मुताबिक समस्तीपुर के वारिसनगर थाना के रोहुआ गांव के स्थायी निवासी रामानुज अखबार के कार्यालय में गेटमैन के तौर पर और सरकारी कार्यालयों में अख़बार बांटने का ड्यूटी करता था. हालांकि तबियत बिगड़ने पर उसे सदर अस्परताल में भर्ती कराया गया है. रामानुज के ठीक होने के बाद सीबीआई पूछताछ करेगी.

इससे पहले सीबीआई ने कार्रवाई करते हुए सोमवार को ही बालिका गृह के मुख्य आरोपी ब्रजेश ठाकुर के सफाईकर्मी कृष्णा कुमार राम को उसके चकबासु स्थित आवास से हिरासत में लिया गया था। बताया जाता है कि यह गिरफ्तारी सीबीआई ने ब्रजेश ठाकुर के प्रेस में कार्यरत कर्मचारी करजा निवासी गौरव उर्फ मोटू से पूछताछ के आधार पर की थी। वहीं सोमवार को सोशल मीडिया समेत शहर भर में यह चर्चा का विषय रहा कि दिलीप वर्मा को सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दिलीप वर्मा के गाँव के ही किसी दूसरे हमनाम व्यक्ति को सीबीआई ने हिरासत में लिया था, पर मामला स्पष्ट होने पर उसे छोड़ दिया गया था। माना जा रहा है कि सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट की मॉनिटरिंग के बाद से ही सीबीआई का एक्शन तेज है.

मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड के मुख्य आरोपी ब्रजेश ठाकुर से ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) के अफसर सवाल जवाब करने वाले हैं. दरअसल ईडी की टीम ब्रजेश ठाकुर की अवैध संपत्ति की जांच कर रही है. इस कड़ी में भागलपुर जेल में बंद ब्रजेश से उसकी चल-अचल संपत्ति के बारे में पूछताछ होगी.

आमदनी के स्रोत से लेकर बिजनेस, निवेश, बैंक एकाउंट अन्य पहलुओं पर सवाल पूछे जाएंगे. फिलहाल न्यायिक हिरासत के तहत ब्रजेश ठाकुर भागलपुर की विशेष सेंट्रल जेल में बंद है. अवैध संपत्ति को लेकर ब्रजेश के परिजनों से भी पूछताछ होगी. इसको लेकर आने वाले समय में ब्रजेश की पत्नी आशा ठाकुर, पुत्र राहुल आनंद, मेहुल आनंद व अन्य परिजनों को समन देकर बुलाया जा सकता है.