प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रेलवे स्टेशन पर जहां चाय बेचा करते थे, उस जगह को बनाया जाएगा टूरिस्ट स्पॉट, देखें..

#GUJARAT #INDIA : बचपन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने गृह नगर वडनगर में रेलवे स्टेशन पर जहां चाय बेचा करते थे, उस चाय की दुकान को अब टूरिस्ट स्पॉट बनाने की योजना है. केंद्रीय पर्यटन और संस्कृति मंत्री प्रह्लाद पटेल हालही में पीएम मोदी के गृहनगर गए थे. वहां उन्होंने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए उन जगहों की पहचान की है जिन्हें आने वाले समय में विकसित किया जा सकता है. पटेल शहर के रेलवे स्टेशन भी गए. यहां पर प्लेटफ़ॉर्म पर वह दुकान मौजूद है जिसके बारे में कहा जाता है कि पीएम मोद ने बचपन में गरीबी के कारण चाय बेचने का काम किया था. खुद पीएम कई बार इस बात का जिक्र कर चुके हैं.

2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने तब बीजेपी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार रहे नरेंद्र मोदी के चाय बेचने वाली बात पर चुटकी ली थी. उन्होंने कहा था कि मोदी 21 वीं सदी में कभी देश के प्रधानमंत्री नहीं बन सकेंगे और अगर वे चाहें तो एआईसीसी अधिवेशन में चाय बेच सकते हैं. इसे बीजेपी और मोदी ने बड़ा मुद्दा बना दिया था. बीजेपी ने इसके बाद चाय पर चर्चा अभियान भी शुरू कर दिया था.

पर्यटन मंत्री पटेल ने इस चाय की दुकान को देखा. टीन की बनी इस दुकान का नीचे का हिस्सा जंग लगने से गलने लगा है. इसे बचाने के लिए पटेल ने अधिकारियों से कहा है कि दुकान को शीशे से ढंक दिया जाए. उन्होंने यह निर्देश भी दिया है कि इस दुकान का मौजूदा स्वरूप बरक़रार रखा जाए.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.