#BIHAR #INDIA : मुहर्रम के शांतिपूर्ण गुजरने के बाद बिहार पुलिस दुर्गापूजा की तैयारियों में जुट गई है। डीजीपी गुप्तेश्वर पाण्डेय ने सुरक्षा तैयारियों को लेकर शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की। इस दौरान फील्ड के पुलिस अधिकारियों को अभी से दुर्गापूजा की तैयारियां करने के निर्देश दिये। मूर्ति विसर्जन के लिए रूट, पूजा पंडलों के आसपास सुरक्षा इंतजाम, शांति समिति की बैठक और असामाजिक तत्वों से निपटने को लेकर कार्रवाई को भी कहा गया है।

डीजीपी ने शनिवार को पुलिस मुख्यालय में आला पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। इसके बाद उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में रेंज आईजी-डीआईजी और जिलों के एसपी को कई दिशा निर्देश दिये। कहा कि दुर्गापूजा के दौरान शांति बनी रहे इसको लेकर तैयारी शुरू कर दें। खासकर मूर्ति विसर्जन के लिए अधिकारियों को रूट तय करने का टास्क सौंपा गया। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि ऐसे रूट का चयन करें, जिसमें कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े। जिले के आला पुलिस अधिकारी विसर्जन के लिए तय रूट को खुद देखेंगे और वहां सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करेंगे। लाइसेंस की शर्तों में ही विसर्जन का समय और रूट लिखा जाएगा। पूजा पंडालों के आसपास के सुरक्षा इंतजाम क्या और कैसे होंगे इसकी भी तैयारी करने के लिए कहा गया है। सभी जिलों को शांति समिति की बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिये गए।

अफसरों को कहा गया कि थानास्तर पर सभी संप्रदाय के महत्वपूर्ण लोगों की बैठक करें। इसमें शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर चर्चा की जाए। यदि कहीं समस्या आती है तो शांति समिति के लोगों की मदद से उसे हल करने का प्रयास किया जाए

