#PATNA : अब चेकिंग पॉइंट पे बनेंगे प्रदूषण और बीमा के कागजात

#PATNA #BIHAR #INDIA : सड़कों पर जहां चेकिंग प्वाइंट बनाए गए हैं, वहां 16 सितंबर से वाहनों के प्रदूषण जांच प्रमाणपत्र और बीमा के कागजात बनाए जाएंगे। जिला प्रशासन यह सुविधा आम लोगों को हो रही परेशानी को देखते हुए शुरू कर रहा है। 16 से 22 सितंबर तक चेकिंग प्वाइंट पर पुलिसवाले लोगों के कागजात बनवाने में सहयोग करेंगे।

पुलिसवाले लोगों को नए ट्रैफिक नियमों की जानकारी भी देंगे। सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। शिक्षण संस्थान, अस्पताल, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, पार्क, यात्री बस, पेट्रोल पंप पर लोगों को बैनर पोस्टर, होर्डिंग, पम्फलेट आदि से जागरूक किया जाएगा। साथ ही सड़क सुरक्षा के उपायों से भी अवगत कराएंगे। डीएम कुमार रवि की अध्यक्षता में रविवार को जिले के आला अधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें जागरूकता अभियान चलाने से संबंधित निर्णय लिया गया।

नए ट्रैफिक नियम लागू होने के बाद वाहनों के कागजात की चेकिंग सख्ती से की जा रही है। इसीलिए जिला प्रशासन ने लोगों की सुविधा के लिए अपनी वेबसाइट पर प्रदूषण जांच केंद्रों की सूची जारी कर दी है। जिला प्रशासन की वेबसाइट से लोग अपने निकटवर्ती प्रदूषण जांच केंद्र की जानकारी ले सकते हैं।


Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.