बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर (Swara Bhasker) हम मुद्दे पर बेबाकी से अपनी राय रखने के लिए जानी जाती हैं. स्वरा भास्कर ने इस बार शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) के उस बयान पर अपना रिएक्शन दिया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर भारत के पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने जेल में 14 मिनट भी बिताए होते तो मैंने नेहरू को भी वीर कहा होता. स्वरा भास्कर ने उद्धव ठाकरे के इसी बयान को लेकर ट्वीट किया, जो सुर्खियों में है. बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर के इस ट्वीट पर लोगों ने रिएक्शन भी देना शुरू कर दिया है.

स्वरा भास्कर (Swara Bhasker) ने लिखा: “पंडित जवाहरलाल नेहरू ने अपने जीवन के लगभग 9 साल जेल में बिताए थे.” स्वरा भास्कर ने इस तरह शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) के इस बयान पर अपना रिएक्शन दिया है. उद्धव ठाकरे ने कहा था, “राष्ट्र के विकास के लिए महात्मा गांधी और पंडित जवाहरलाल नेहरू दोनों के योगदान को अस्वीकार नहीं किया जा सकता है, मगर देश का राजनीतिक परिदृश्य केवल दो परिवारों तक ही सीमित नहीं है.” शिवसेना प्रमुख ने कहा था, “मैंने नेहरू को भी ‘वीर’ कहा होता, अगर उन्होंने जेल में महज 14 मिनट भी बिताई होती, जबकि सावरकर ने 14 साल जेल में बिताए. उन्हें अब हमारी सत्ताधारी हिंदुत्व सरकार (राजग) द्वारा भारत रत्न से सम्मानित किया जाना चाहिए.”

उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) ने मंगलवार देर रात विक्रम संपत द्वारा लिखी गई एक नई जीवनी, ‘सावरकर : इकोस फ्रॉम ए फॉरगॉटेन पास्ट’ की लॉन्चिग के दौरान यह बात कही थी. बता दें कि स्वरा भास्कर (Swara Bhasker) ने न केवल अपनी फिल्मों से बल्कि अपने ट्वीट से भी खूब पहचान बनाई है. हर समसामयिक मुद्दों पर स्वरा भास्कर ट्वीट कर अपनी राय पेश करती है. हालांकि, कई बार अपने ट्वीट के वजह से वह सोशल मीडिया पर ट्रोल भी हो जाती हैं, लेकिन अपने ट्रोलर्स को स्वरा भास्कर जवाब देना भी बहुत अच्छे से जानती हैं. स्वरा भास्कर जल्द ही फिल्म ‘शीर कोर्मा’ के जरिए बॉलीवुड में एक बार फिर धमाल मचाने वाली हैं. इस फिल्म में उनके साथ एक्ट्रेस दिव्या दत्ता और शबाना आजमी मुख्य भूमिका में दिखाई देंगी. लेकिन अभी तक फिल्म की रिलीज डेट को लेकर कोई भी घोषणा नहीं हुई है.



