#BIHAR #INDIA : बिहार के मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार अगले माह जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में अपना दूसरा कार्यकाल आरंभ करेंगे। उन्हें दुबारा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने का पार्टी की ओर से औपचारिक एलान 13 अक्टूबर की शाम दिल्ली में होगा।

गौरतलब है कि जदयू का फिलहाल सांगठनिक चुनाव चल रहा है। पंचायत से लेकर प्रदेश अध्यक्ष तक का चुनाव कार्य संपन्न हो चुका है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए नामांकन की घोषित तारीख 27 सितम्बर से 4 अक्टूबर है। पूछे जाने पर जदयू के राष्ट्रीय महासचिव अफाक अहमद ने बताया कि 4 अक्टूबर को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन होने की उम्मीद है। चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक 5 अक्टूबर को नामांकन की स्क्रूटिनी, 6 अक्टूबर को नाम वापसी की तिथि निर्धारित है। 13 अक्टूबर को एक से अधिक नामांकन होने की स्थिति में चुनाव होना था, जिसके आसार न के बराबर हैं। 13 अक्टूबर को ही राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव परिणाम की घोषणा की जाएगी। जदयू के राष्ट्रीय चुनाव प्रभारी अनिले हेगड़े चयन का प्रमाण पत्र देंगे।

इसके बाद 19 और 20 अक्टूबर को जदयू के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय परिषद की बैठक और खुला अधिवेशन राजगीर में होना था। परंतु बिहार में 5 विधानसभा तथा एक लोकसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव के लिए मतदान 21 अक्टूबर को होने के कारण फिलहाल इसे स्थगित कर दिया गया है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक अब राष्ट्रीय परिषद की बैठक और खुला अधिवेशन तय तिथि के एक सप्ताह बाद होगी।
