#MAHARASHRTRA #INDIA : महाराष्ट्र चुनाव की मुनादी हो चुकी है और सभी पार्टियों की तैयारियां जोरों पर हैं, मगर विधानसभा चुनाव से ठीक पहले शिवसेना को बड़ा झटका लगा है। महाराष्ट्र में शिवसेना में टिकट बंटवारे से कई पार्षद और कार्यकर्ता नाराज हैं। यही वजह है कि महाराष्ट्र के 26 शिवसेना पार्षदों और करीब 300 कार्यकर्ताओं ने पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे को अपना इस्तीफा भेजा है।

आगामी महाराष्ट्र चुनाव में सीट बंटवारे से ये पार्षद और कार्यकर्ता नाराज बताए जा रहे हैं। गौरतलब है कि महाराष्ट् में 21 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे।महाराष्ट्र विधानसभा में सीटों की संख्या 288 है। इसमें 234 सामान्य सीटें हैं, जबकि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए क्रमशः 29 और 25 सीटें आरक्षित हैं।

21 अक्टूबर को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव
चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र में 21 अक्टूबर को एक ही चरण में चुनाव कराने की घोषणा की है। मतों की गिनती 24 अक्ट्रबर को होगी। लोकसभा चुनाव 2019 में भारी बहुमत के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सत्ता में वापसी के बाद यह पहला विधानसभा चुनाव है। महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल नौ नवंबर को खत्म हो रहा है।

2014 के परिणाम
साल 2014 में महाराष्ट्र विधानसभा की 288 विधानसभा सीटों के लिए हुए चुनावों में भारतीय जनता पार्टी 122 सीटें हासिल कर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी। भाजपा ने पहली बार महाराष्ट्र में इतनी सीटें हासिल की थीं। वहीं, कांग्रेस 42 सीटों के साथ तीसरे स्थान पर खिसक गई। इसके अलावा, शिवसेना 63 सीटों के साथ दूसरे नंबर पर रहने वाली पार्टी थी। शरद पवार की राकांपा को 41 सीटें मिली थीं।