#BIHAR : अब सोशल मीडिया पर भी कर सकते है बिजली की शिकायत

#BIHAR #INDIA : बिहार के डेढ़ करोड़ से अधिक बिजली उपभोक्ताओं के लिए अच्छी खबर है। अब तक कार्यालय जाकर या टेलीफोन पर बिजली खराबी की शिकायत करने वाले उपभोक्ता सोशल मीडिया पर भी ऐसी शिकायत कर सकेंगे। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए जल्द ही बिजली कंपनी फेसबुक व ट्वीटर एकाउंट बनाएगी। सोशल मीडिया पर की जाने वाली शिकायत और उसके समाधान पर न केवल बिजली कंपनी बल्कि केंद्र सरकार भी नजर रखेगी।

पिछले महीने केंद्र सरकार के स्तर पर हुई बैठक में बिजली उपभोक्ताओं की ओर से की जाने वाली शिकायतों की समीक्षा की गई। इसमें पाया गया कि अब भी उपभोक्ताओं को बिजली खराबी की शिकायत करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर जब रात में बिजली में खराबी आ जाए तो उसकी शिकायत और समाधान करवाना उपभोक्ताओं के लिए टेढ़ी खीर साबित हो जाती है। ऐसे में यह विचार आया कि आज के इस तकनीक युग में उपभोक्ताओं को शिकायत करने के कोई और विकल्प क्यों नहीं मुहैया कराया जा रहा है। तब ऊर्जा मंत्रालय के निदेशक (ग्रामीण विद्युतीकरण और आईटी) ने राज्यों को सुझाव दिया कि वे सोशल मीडिया पर उपभोक्ताओं को शिकायत करने का प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराएं। देश के कुछेक राज्यों ने उपभोक्ताओं को ऐसी सुविधा दे रखी है।

बिजली कंपनी अधिकारियों के अनुसार फेसबुक व ट्वीटर पर उपभोक्ताओं को शिकायत करने की सुविधा देने की व्यवस्था प्रक्रियाधीन है। अब पिछले महीने ऊर्जा मंत्रालय ने इस पर अमल करने को कहा है। कंपनी इस पर गंभीरता से विचार कर रही है। जल्द ही उत्तर बिहार के जिलों के लिए नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड और दक्षिण बिहार के जिलों के लिए साउथ बिहार पावर पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड अपना-अपना फेसबुक व ट्वीटर एकाउंट बनाएगी। केंद्र सरकार भी इस एकाउंट से जुड़ी रहेगी। सोशल मीडिया पर आम उपभोक्ताओं की शिकायतों का समाधान कर कंपनियां उस पर अपना स्टैटस भी अपलोड करेगी।

अभी उपभोक्ताओं को मिल रहीं ये सुविधाएं
बिजली उपभोक्ताओं को टोल फ्री नंबर 1912 पर शिकायत करने की सुविधा है। इसके अलावा कंपनी के कार्यालय या कंपनी के अभियंताओं के मोबाइल पर भी लोग शिकायत करते हैं। मोबाइल ऐप बजली बिलपे से भी बिल भुगतान की सुविधा है। जबकि मोबाइल संख्या 7033355555 पर व्हाट्सअप कर बिजली चोरी की शिकायत करने तो मोबाइल संख्या 7666008833 पर मिस्ड कॉल कर अपने रजिस्टर्ड मोबाइल के माध्यम से उपभोक्ता संख्या का पता लगा सकते हैं। फेसबुक व ट्वीटर पर शिकायत की सुविधा देना कंपनी का अगला कदम होगा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading