CHAPRA : छपरा से ऑटोमेटिक हथियार के साथ दो अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। कुख्यात अभिषेक राय और कुख्यात अनमोल सिंह दोनों कार्बाइन और पिस्टल लेकर वारदात को अंजाम देने निकले थे तभी गुप्त सूचना के आधार पर सारण जिले के नगर थाना इलाके के राजेंद्र सरोवर के पास से पकड़े गये।
इस संदर्भ में छपरा के नगर थाना में आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज किया गया है। वहीं कुख्यात अपराधी अभिषेक राय और अनमोल सिंह के बारे में बताया जा रहा है कि हाल ही में रसूलपुर स्वर्ण व्यवसाई लूट कांड में पुलिस इन दोनों की तलाश कर रही थी।

मिली जानकारी के अनुसार अभिषेक राय के खिलाफ भेलदी थाना में ज्वेलरी तथा कैश लूट एवं गरखा थाना में मोटरसाइकिल लूट में मामला दर्ज था। दोनों को पुलिस सरगर्मी से खोज रही थी। सारण एसपी हर किशोर राय ने बताया कि दोनों अपराधी लूट के बाद हत्या की योजना बना रहे थे इसी बीच सारण पुलिस की सक्रियता की बदौलत इनकी गिरफ्तारी हुई। इनके पास से कार्बाइन एवं पिस्टल बरामद किया गया है।
सारण पुलिस के लिए यह बड़ी सफलता मानी जा रही है। फिलहाल दोनों अपराधियों से पूछताछ के आधार पर अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।