त्योहार के मौके पर ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कमाई के लिए दिखाई चालाकी। ट्रेन में रिजर्वेशन करवाने को मजबूर यात्रियों की जेब पर चलाई कैंची। दरअसल त्योहारों को लेकर ट्रेनों में भीड़ बढ़ी तो रेलवे ने चुपके से कई ट्रेनों में प्रीमियम तत्काल का नियम लागू कर दिया। इसकी वजह से यात्रियों को अब सफर करने के लिए अधिक किराया देना पड़ रहा है। नतीजा यह है कि रात दिन जगकर तत्काल कोटे से टिकट बुक कराने वाले की आधी सीटें या तो पैसे वाले लोग झटक ले रहे या फिर मजबूरी में आम यात्रियों को ही अधिक किराया चुकाकर लेना पड़ रहा है। नई दिल्ली और आनंद विहार टर्मिनल से भागलपुर आने वाली अधिकांश ट्रेनों में प्रीमियम तत्काल लागू कर दिया गया है।

यूं तो भागलपुर से दिल्ली आने-जाने के लिए ट्रेनों की कमी हमेशा से रही है, लेकिन दिवाली और छठ में दिल्ली से भागलपुर आनेवाले यात्रियों की कितनी भीड़ होती है, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि दो-दो स्पेशल ट्रेनों की घोषणा होने के बाद भी लंबी वेटिंग लगी है। हालात ऐसे हैं कि तत्काल क्या प्रीमियम तत्काल की सीटें भी पूरी की पूरी बिक जा रही हैं। रेलवे 500 रुपये का टिकट दो हजार रुपये में बेच रहा है। ऐसा नहीं कि सिर्फ दिल्ली भीड़ के बहाने हावड़ा-जमालपुर सुपर एक्सप्रेस, एलटीटी-भागलपुर एक्सप्रेस आदि ट्रेनों में प्रीमियम तत्काल की व्यवस्था लागू है तो गांधीधाम से भागलपुर के लिए चलायी गई गांधीधाम-भागलपुर स्पेशल ट्रेन बतौर प्रीमियम ट्रेन चल रही है।



Source : ndtv