#BIHAR #INDIA : प्रदेश कांग्रेस के चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष एवं सांसद डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह ने केंद्र सरकार से बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह को भारत रत्न सम्मान देने की मांग की। कहा कि श्रीकृष्ण बाबू ने बिहार व देश के विकास को लेकर कई उल्लेखनीय कार्य किए। सभी जिलों के लोगों की सामान्य मांग है कि उन्हें भारत रत्न दिया जाए।

रविवार को यहां सदाकत आश्रम में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि सोमवार को डॉ. श्रीकृष्ण सिंह जयंती समारोह में प्रदेश कांग्रेस के प्रमुख नेता शामिल होंगे। इनमें शक्ति सिंह गोहिल, आनंद शर्मा, डॉ. मदन मोहन झा, सदानंद सिंह सहित अन्य प्रमुख नेता हैं। मिलर स्कूल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से करीब 50 हजार लोग जुटेंगे। समारोह को लेकर 32 जिलों में संपर्क कार्यक्रम हुए हैं। पटना व आसपास के लोगों को भी व्यक्तिगत संपर्ककर आमंत्रित किया गया है। श्री सिंह ने पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय सेना की कार्रवाई का स्वागत किया। साथ ही सवाल किया कि इसका उद्देश्य कहीं हरियाणा व महाराष्ट्र का चुनाव तो नहीं। भाजपा व अन्य दलों व संगठनों द्वारा श्रीकृष्ण जयंती समारोह आयोजित करने का स्वागत किया। मौके पर जनार्दन शर्मा, धर्मवीर शुक्ला, अजय सिंह टुन्ना, प्रो. अंबुज किशोर झा, राजेश राठौड़, एचके वर्मा आदि मौजूद रहे।


