फेसबुक के सीईओ मार्क जुकरबर्ग ने कुछ दिन पहले ही सोशल मीडिया को दुनिया का पांचवां स्तंभ बताया था। जुकरबर्ग ने कहा था कि सोशल मीडिया के कारण आज आम आदमी के हाथों में सत्ता है। लोग अपनी बातों को सोशल मीडिया के जरिए दुनिया तक पहुंचाने में सफल हुए हैं।

वहीं अब खबर है कि फेसबुक अपने प्लेटफॉर्म के लिए अलग से न्यूज सेक्शन लॉन्च करने वाला है। इसके लिए वह कई बड़े पब्लिशर्स से बातचीत कर रहा है। द वॉल स्ट्रीट जनरल ने खुद अपनी रिपोर्ट में इसकी पुष्टि की है।

रिपोर्ट के मुताबिक फेसबुक ने न्यूज सेक्शन के लिए न्यूयॉर्क टाइम्स के साथ भी साझेदारी की है। इसके अलावा इस लिस्ट में बज्जफीड, वाशिंगटन पोस्ट और बिजनेस इनसाइडर जैसे पब्लिशर्स का भी नाम है। हालांकि इस पार्टनरशिप को लेकर फेसबुक ने कोई बयान नहीं दिया है।
जुकरबर्ग ने हालिया पोस्ट में लिखा था, ‘मेरे लिए यह महत्वपूर्ण है कि हम लोगों को भरोसेमंद समाचार प्राप्त करने और दुनियाभर के पत्रकारों की मदद करने वाले समाधान खोजने में मदद करें।” उन्होंने आगे कहा कि फेसबुक पब्लिशर्स के साथ मिलकर सुनिश्चित करेगा कि उसके प्लेटफॉर्म पर मौजूद कंटेंट ऑरिजनल और सही हो।