#BIHAR #INDIA: दिवाली बाजार में इस बार 5500 रुपये प्रति किलो की मिठाई बिक रही है। चौंकिए नहीं, यह सच है। 55 सौ रुपये कीमत की सोने की तबक यानी बर्क (परत) वाली मिठाई का स्वाद लेने वाले लोग तैयार हैं। इसके आर्डर भी खूब आ रहे हैं। इस मिठाई का नाम है गोल्डेन पिस्ता लौंग।

एसपी वर्मा रोड स्थित द बेकरी बॉक्स के मालिक रोहन झुनझुनवाला ने बताया कि पटना ही नहीं पूरे बिहार में पहली बार इतनी महंगी मिठाई आयी है। पिछले साल सूरत से इस मिठाई की शुरुआत हुई थी। गोल्डेन पिस्ता लौंग पटना में बिकने वाली अब तक की सबसे महंगी मिठाई है। इस पर 24 कैरेट सोने का तबक लगाया हुआ है। ये मिठाई पटना में ही कोलकाता से आए कारीगरों ने बनाई है। रोहन बताते हैं कि मिठाई मामरा बादाम से बनी है। इस बादाम की खासियत है कि इससे याददाश्त तेज होती है। बादाम साढ़े तीन हजार रुपये किलो बिकता है, जिसकी वजह से मिठाई महंगी है।

गोल्डेन बादाम बर्फी 4000 प्रति किलो
गोल्डेन बादाम बर्फी अलग फ्लेवर में होने के चलते लोगों को भा रही है। इसकी कीमत चार हजार रुपये किलो है। गोल्डेन बादाम चॉकलेट बॉल में चॉकलेट का फ्लेवर डाला गया है। यह 4500 रुपये किलो है। अंजीर के फ्लेवर वाले गोल्डेल काजू पेटीज को भी लोग खूब पसंद कर रहे हैं। यह साढ़े चार हजार रुपये किलो है। ये मिठाइयां हल्की होने के साथ टिकाऊ भी हैं। इसे 10 से 15 दिन तक आसानी से इस्तेमाल किया जा सकता है। एक मिठाई का वजन करीब 40 ग्राम है। एक किलो के पैक में करीब 25 मिठाई होती है। बिड़ला मंदिर रोड के सामने स्थित मिठाई विक्रेता धनंजय कुमार ने बताया कि काजू, बादाम व पिस्ता से बनी मिठाइयां लोगों की पसंद हैं। लोग धनतेरस व दिवाली के लिए काफी संख्या में ऑर्डर देने पहुंच रहे हैं।

Like this:
Like Loading...