#PATNA : गंगा के छठ घाटों पर छठव्रतियों को कोई दिक्कत नहीं हो – मुख्यमंत्री

#BIHAR #INDIA : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि गंगा के छठ घाटों पर छठव्रतियों को कोई दिक्कत नहीं हो, यह सुनिश्चित करें। घाटों पर आने-जाने के रास्ते हों, रोशनी का प्रबंध हो या सुरक्षा के इंतजाम। सभी चीजों पर ध्यान दें और बेहतर व्यवस्था घाटों पर करें। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को लोक आस्था के महापर्व छठ के मद्देनजर स्टीमर से दानापुर के नासरीगंज से पटना सिटी के कंगन घाट तक गंगा के घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान घाटों की सफाई, सुरक्षा एवं स्वच्छता के संबंध में पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने स्टीमर पर पहुंचते ही गंगा घाटों के नजरी मानचित्र को देखा। लगभग दो घंटे तक नासरीगंज से कंगन घाट के बीच अवस्थित सभी छठ घाटों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद पत्रकारों से कहा कि सभी लोग जिला प्रशासन, नगर विकास विभाग, नगर निगम के अधिकारी पूरे प्रशासनिक तौर पर सारा इंतजाम देख रहे हैं। हर वर्ष छठ के पहले आकर हम घाटों के निर्माण की तैयारी को देखते हैं। इस बार हमलोगों ने विशेष तौर पर ध्यान दिया है, चूकि गंगा का जलस्तर इस बार ऊंचा है, जिसको देखते हुए हर प्रकार के घाट पर इस बार बैरिकेडिंग जरूरी होगी, ताकि एक दूरी के आगे लोग नहीं जा सकें। इसका विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया गया है।

सभी संबंधित अधिकारी काम को तेजी से कर रहे हैं। छठ में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी होती है। इसको देखते हुए जब से बिहार के लोगों ने हमें काम करने का मौका दिया है, तब से घाटों की सफाई, नये घाटों का निर्माण, आने-जाने के रास्तों का निर्माण व श्रद्घालुओं की सुविधा का ध्यान रखा जाता है। घाटों पर श्रद्घालुओं की सुविधा के लिए लगतार अनाउंसमेंट किया जाता है। वॉच टावर से लगातार स्थिति पर निगरानी रखी जाती है। इन सारी चीजों पर शुरू से ही हमलोगों ने गाइडलाइन दिया है, उसके आधार पर लोग काम कर रहे हैं।

दिवाली बाद फिर लेंगे जायजा
सीएम ने कहा कि दिवाली के बाद फिर तैयारियों का जायजा लेंगे। जब तक मैं स्वयं सभी तैयारियों को देख नहीं लेता, तब तक मन को संतोष नहीं होता है। हालांकि मुझे इस बात का संतोष है कि काम बेहतर तरीके से हो रहा है और ससमय इसे पूरा कर लिया जायेगा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading