#HARYANA #INDIA : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मंगलवार को कहा कि राज्य के लिए न्यूनतम साझा कार्यक्रम तैयार करने के उद्देश्य से समितियां बनाई जाएगीं जिनमें भाजपा और जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) दोनों के नेता होंगे। खट्टर ने रविवार को दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। वहीं जेजेपी के दुष्यंत चौटाला ने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। भाजपा ने राज्य में जजपा के साथ मिल कर सरकार बनाई है।

खट्टर ने यहां उप राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद कहा, ”राज्य विधानसभा के विशेष सत्र के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा। सरकार के लिए न्यूनतम साझा कार्यक्रम तैयार करने के वास्ते समितियां बनाई जाएंगी जिनमें भाजपा और जजपा दोनों दल के नेता होंगे।
नायडू से मिल खट्टर ने अंतरार्ष्ट्रीय गीता महोत्सव के उद्घाटन को आमंत्रित किया
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मंगलवार को उपराष्ट्रपति वेकैंया नायडू से उनके निवास पर मुलाकात की। नायडू के ट्वीटर पर श्री खट्टर से मुलाकात की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री ने श्री नायडू को अंतरार्ष्ट्रीय गीता महोत्सव 2019 का उद्घाटन करने के लिए उपराष्ट्रपति को आमंत्रित किया। अंतरार्ष्ट्रीय गीता महोत्सव 22 नवंबर से 10 दिसंबर तक कुरुक्षेत्र में आयोजित होगा। महोत्सव के तहत मुख्य कार्यक्रम कुरुक्षेत्र में तीन से आठ दिसंबर तक आयोजित होंगे।

खट्टर ने राजनाथ सिंह से मुलाकात की
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मंगलवार को दिल्ली रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भेंट की। मुख्यमंत्री पद की दोबारा शपथ लेने के बाद श्री खट्टर आज पहली बार नयी दिल्ली पहुंचे। मुख्यमंत्री ने सिंह से उनके निवास स्थान पर भेंट की।
गौरतलब है कि खट्टर 27 अक्टूबर को हरियाणा के दूसरी बार मुख्यमंत्री बने हैं। हरियाणा विधानसभा के 24 अक्टूबर को आये नतीजों में इस बार किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जेजेपी के साथ गठबंधन का सरकार बनाई है। खट्टर के अलावा अभी जेजेपी के अध्यक्ष दुष्यंत चौटाला ने उप मुख्यमंत्री की शपथ ली है।
