#MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR): छठ महापर्व के तीसरे दिन शनिवार को जिले के विभिन्न घाट पर अस्त हो रहे भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मुजफ्फरपुर में सीढ़ी घाट, आश्रम घाट, लकड़ी ढाई घाट, अखाड़ाघाट, ब्रह्मपुरा पोखर, साहू पोखर पर श्रद्धालु माथे पर टोकरी, डाला, नारियल आदि लेकर पहुंचे और अस्तचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया. छठ का पर्व अब पूरे देश में उल्लास, उत्साह और उमंग के साथ मनाया जाने लगा है। छठ का निस्तार रविवार को उदयीमान सूर्य को अघ्र्य देने के साथ हो जाएगा। इसके बाद व्रती घाट पर महाप्रसाद वितरण कर पारण करेंगी।
इस दौरान हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी शहीद खुदी राम बोस केंद्रीय करा मुजफ्फरपुर में जेल प्रशासन द्वारा कैदी छठ व्रतीयों को पूजन से सम्बंधित सभी सामग्रियां उपलब्ध करा कर महिला पुरुष कैदियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए पूरे विधि विधान से अर्घ्य देने वालों को वस्त्र, फल-फूल के साथ ही जेल परिसर में बने ठेकुआ आदि उपलब्ध कराया गया।

जेल अधीक्षक राजीव कुमार सिंह ने बताया की जेल प्रशासन की ओर से अर्घ्य देने वाले सभी कैदियों के भावनाओं का सम्मान करते हुए कुल 51 महिला और 74 पुरुष छठ व्रतियों को वस्त्र और पूजन सामग्री उपलब्ध कराया गया. छठ महापर्व को लेकर केन्द्रीय कारा में पूजा पंडाल और प्रकाश व्यवस्था की समुचित व्यवस्था की गई है और जेल परिसर में ही सभी पकवान बनाये गए हैं.
लोक आस्था के इस महापर्व की धूम शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक देखी जा रही है। घाटों से लेकर तल-तलैया और छतों पर भी कृत्रिम तालाब बनाकर भक्तजन पूरी साज-सज्जा के साथ छठ पर्व की तैयारी कर कर रहे हैं। हर तरफ स्वच्छता का माहौल है। लोगों ने इस महापर्व को पूरी नेम निष्ठा के साथ मनाने के लिए हर गली मोहल्लों की सफाई कर उसकी सूरत बदल दी है। जिले के सभी घाट सहित वहां तक पहुंचने वाली सभी मार्गों को दूधिया व झिलमिल रोशनी सजाया गया है। छठी मैया के गीतों से जिले का कोना-कोना गूंजायमान हो रहा है।
इस दौरान जिलाधिकारी आलोक रंजन घोष, एसएसपी मनोज कुमार, नगर आयुक्त मनेश कुमार मीणा समेत एसडीआरएफ टीम, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन जिले के विभिन्न घाटों पर मुआयना करते दिखे.
अस्तचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने उपरांत सांध्य 6 बजे सीढ़ीघाट पर गंगा महाआरती का आयोजन किया गया. मौके पर नगर आवास व विकास मंत्री सुरेश शर्मा, वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार, बाबा गरीबनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी पंडित विनय पाठक समेत कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहें.

