#BIHAR_POLICE जवानों से लेकर अधिकारियों तक को देगी मेडल

#BIHAR #INDIA : बहादुरी भरे कार्य के बावजूद गैलेंट्री पदक से चूके पुलिस अफसरों और जवानों को मायूस होने की अब जरूरत नहीं है। बिहार पुलिस अपने जवानों से लेकर अधिकारियों तक को असाधारण कार्य के लिए मेडल देकर सम्मानित करेगी। सिर्फ बहादुरी के लिए यह तगमा नहीं मिलेगा। बेहतर अनुसंधान और साफ-सुथरी सेवा के लिए भी सम्मान देने की तैयारी की गई है।

बिहार पुलिस सिपाही से लेकर आईपीएस अधिकारियों तक को डीजी डिस्क देने की योजना पर काम कर रही है। डीजी डिस्क में एक मेडल होता है, जिसे पुलिसकर्मी की वर्दी पर लगाया जाता है। बेहतर कार्य के लिए बिहार पुलिस अभी तक प्रशस्ति पत्र और नकद राशि देकर सम्मानित करती है। अब पुलिस अधिकारियों और जवानों को भी डीजी डिस्क दिया जाएगा। पुलिस मुख्यालय इसके लिए राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजने की तैयारी में है। मंजूरी के बाद प्रत्येक वर्ष समारोह के दौरान डीजी डिस्क प्रदान किया जाएगा।

डीजी डिस्क देने की परंपरा अर्धसैनिक बलों में वर्षों से चली आ रही है। सीआरपीएफ समेत अन्य केन्द्रीय पुलिस संगठन प्रत्येक वर्ष अपने जवानों को बहादुरी और सराहनीय कार्य के लिए डीजी डिस्क प्रदान करता है। अर्धसैनिक बलों के अलावा दिल्ली पुलिस, राजस्थान और मध्य प्रदेश समेत कुछ अन्य राज्यों की पुलिस में भी डीजी डिस्क दिया जाता है। अब इस कड़ी में बिहार पुलिस का भी नाम जुड़ने वाला है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.