#NCR #INDIA : गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) दिव्यांग को भूतल तल (ग्राउंड फ्लौर) पर प्रधानमंत्री आवास का आवंटन करेगा। इसकी योजना तैयार कर ली गई है। प्रथम चरण के मधुबन बापूधाम में बनने वाले 856 आवास पर भी यह योजना लागू होगी। शासन ने जीडीए को तीन चरण में 36 हजार प्रधानमंत्री आवास बनाने का लक्ष्य दिया है। इसके प्रथम चरण में करीब साढ़े 13 हजार मकान बनाने हैं। जबकि दूसरे चरण में 18 हजार मकान तैयार करने होंगे। इन मकानों को तैयार करने के लिए वित्तीय वर्ष 2019-20 तक प्राधिकरण को 31,500 मकानों की डीपीआर स्वीकृत करानी है। इसमें से जीडीए ने 18,697 मकान की डीपीआर स्वीकृत करा ली है। जबकि जीडीए ने 19,360 मकान की डीपीआर स्वीकृत कराने के लिए भेजी थी।

वहीं, प्राधिकरण मधुबन बापूधाम में 856 मकान का निर्माण करा रहा है। इसके अलावा तीन स्थानों पर 2271 मकान और बनवाए जाएंगे। जीडीए सचिव संतोष कुमार राय ने बताया कि इन सभी मकानों में दिव्यांगों के लिए भूतल पर मकान का आवंटन किया जाएगा। बता दें कि 22 वर्ग मीटर कारपेट एरिया में दो कमरों के एक मकान में रसोई, शौचालय, बाथरूम और एक बालकनी का भी प्रावधान है।

