देश के सबसे बड़े बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने अपने ग्राहकों को झटका दिया है। स्टेट बैंक ने फिक्स्ड डिपॉजिट और टर्म डिपॉजिट पर मिलने वाले ब्याज को घटा दिया है। बैंक ने एक से दो साल की मैच्योरिटी वाली एफडी पर ब्याज दरें काफी कम की हैं। टर्म डिपाजिट में भी .75 प्रतिशत तक की कटौती की गई है। नई दर 10 नवंबर 2019 से लागू हो गई है। बता दें कि एसबीआई ने इससे पहले 10 अक्टूबर को फिक्स्ड डिपॉजिट की दरों में कटौती की थी। स्टेट बैंक ने पिछले महीने एटीएम ट्रांजेक्शन, होम लोन और आटो लोन के ब्याज में राहत दी थी। उसी समय इस बात के संकेत दे दिए थे कि इससे होने वाले नुकसान की भरपाई एफडी पर मिलने वाले ब्याज में कटौती कर की जा सकती है। इस संबंध में नेशनल कन्फेडरेशन आफ बैंक इम्पलाइज के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेन्द्र अवस्थी ने कहा कि ये ग्राहकों के साथ छल है। एक तरफ उन्हें राहत दी जाती है तो कुछ समय बाद दूसरी जेब से ज्यादा पैसे निकाल लिए जाते हैं।


