#BIHAR #INDIA : राष्ट्रीय प्रतिभा खोज (प्रारंभिक) परीक्षा 2020 व राष्ट्रीय आय सह मेधा छात्रवृत्ति योजना परीक्षा 17 नवम्बर को होगी। केन्द्र की इन दोनों महत्वाकांक्षी योजनाओं में सफल मेधावी बच्चों को आगे की पढ़ाई के लिए छात्रवृत्ति मिलेगी। शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव आरके महाजन ने कदाचारमुक्त तथा स्वच्छ परीक्षा के संचालन के लिए सभी डीएम, एसएसपी व सभी जिलाशिक्षा पदाधिकारियों को विस्तृत गाइडलाइन जारी की है। श्री महाजन ने कहा है कि जिला पदाधिकारी अपने जिले में होने वाली परीक्षा के मुख्य परीक्षा नियंत्रक होंगे। परीक्षा केन्द्रों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने, कदाचार की रोकथाम करने एवं परीक्षा के सफल संचालन का जिम्मा उनका होगा। डीएम यह सुनिश्चित करेंगे कि गोपनीय सामग्री के रखरखाव एवं यात्रा अवधि में किसी प्रकार का व्यवधान न उत्पन्न हो।

राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) ने परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली हैं। राज्यभर में 94 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। राष्ट्रीय प्रतिभा खोज परीक्षा में 12 हजार, जबकि आय सह मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा में करीब 22 हजार बच्चे शामिल होंगे। परीक्षा के लिए सबसे कम जहानाबाद में एक, जबकि सबसे अधिक पटना जिले में 10 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। गया में 5, बेगूसराय और समस्तीपुर में 4-4, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, नालंदा और पूर्वी चंपारण में 3-3 केन्द्रों पर यह परीक्षा ली जाएगी। शेष 29 जिलों में 2-2 परीक्षा केन्द्र होंगे। पटना के जिन दस स्कूलों को सेंटर बनाया गया है उनमें गांधी आर्य कन्या हाईस्कूल मंसूरगंज, प्लसटू हाईस्कूल फुलवारीशरीफ, महंत हनुमानशरण कॉलेज राजापुर, डीएवी हाईस्कूल दानापुर, घनश्याम गर्ल हाईस्कूल खगौल, बलदेवा प्लसटू हाईस्कूल दानापुर, रघुनाथ प्रसाद गर्ल्स प्लसटू स्कूल कंकड़बाग, धनेश्वरी देवनारायण प्लसटू हाईस्कूल दानापुर, इंदिरा प्रसाद सिंह गंगस्थली ज्ञानपीठ गर्ल्स प्लसटू स्कूल दीघा और गवर्नमेंट हाईस्कूल पटना सिटी शामिल हैं।
दोनों ही परीक्षाओं में पहली बार आवेदन ऑनलाइन लिए गए हैं। हालांकि इस नयी व्यवस्था की वजह से पिछले वर्ष की तुलना में कुछ कम प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं। एससीईआरटी के निदेशक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि एडमिट कार्ड भी ऑनलाइन ही डाउनलोड होने हैं। दोनों परीक्षाओं को मिलाकर 34 हजार आवेदकों में से अबतक 19 हजार ने अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लिए हैं। एडमिड कार्ड एससीईआरटी की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। परीक्षार्थी उसपर जाकर आईडी, जन्मतिथि और नाम लिखकर आसानी से प्रवेश पत्र प्राप्त कर सकते हैं। दोनों योजनाओं में निजी व सरकारी विद्यालयों के बच्चे शामिल हो सकते हैं।

Like this:
Like Loading...