साल 2019 हिंदी सिनेमा के इतिहास में सबसे अच्छे वर्षों में से एक बन गया है। ऋतिक रोशन, टाइगर श्रॉफ, शाहिद कपूर और अक्षय कुमार ने इस साल बॉक्स ऑफिस आंकड़ो के मामले में अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ फिल्में दी हैं। ऋतिक रोशन की वॉर ने खजाने पर कब्जा करते हुए 300 करोड़ क्लब में एंट्री कर ली है, इसके बारे में ऋतिक कहते हैं, “ये फिल्म सही चीजों का एक संतुलित संयोजन रही है।
ये चीजें कहानी, दमदार एक्शन, फिल्म का स्तर, उसे दिया जाने वाला ट्रीटमेंट या कुछ और भी हो सकता है। हर दर्शक के लिए इसके पैमाने अलग है। मेरे हिसाब से हर कामयाबी के बाद यह समझना जरूरी है कि किस चीज ने लोगों का दिल लुभाया, कामयाबी की सबसे ऊपरी मंजिल का रास्ते में क्या क्या किया गया, और ऐसा क्या रह गया जिसे आगे किया जा सकता है।” वॉर के अलावा इस साल ऋतिक रोशन की फिल्म सुपर 30 ने भी बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई की।

इस साल सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शाहिद कपूर की फिल्म “कबीर सिंह” भी रही। सुशांत सिंह राजपूत और श्रद्धा कपूर ने भी फिल्म “छिछोरे” के साथ सफलता का स्वाद चखने में सफल रहे जिसे दर्शकों ने बेहद पसंद किया।
साल की शुरुआत में विकी कौशल की उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक की सफलता ने भी सभी को आश्चर्यचकित कर दिया।अक्षय कुमार के पास दिखाने को इस साल मिशन मंगल है जो उनके लंबे करियर की सबसे अधिक कमाई वाली फिल्म बनी।
साल 2019 में एक तरफ जहां मसाला फिल्मों ने कमाल का काम किया, वहीं ड्रीम गर्ल जैसी हाई-कॉन्सेप्ट फिल्म भी बनी, जो आयुष्मान खुराना की अब तक की सबसे बड़ी हिट साबित हुई है।
