#BIHAR #INDIA : बिहार पुलिस का अपना दंगा निरोधी बल होगा। नए साल में नई फोर्स तैयार हो जाएगी। उ’पद्रवियों से निपटने के लिए बनाए जा रहे इस विशेष पुलिस बल की ट्रेनिंग शुरू हो चुकी है। प्रशिक्षण कुछ इस कदर दिया जा रहा है कि कम से कम बल प्रयोग कर भीड़ को नियंत्रित कर लिया जाए। इस बल की वर्दी और टोपी का रंग अलग होगा। हालांकि बैज वही होगा जो बीएमपी और जिला पुलिस का होता है। पुलिस मुख्यालय की निगरानी में दंगा निरोधी बल की कुल 55 कंपनियां तैयार होगी।

महिला बटालियन भी इसमें शामिल
बीएमपी और जिला पुलिस के जवानों से ही दंगा निरोधी कंपनी को बनाया जा रहा है। इसके लिए अलग से बहाली नहीं होनी है। बिहार सैन्य पुलिस के अलावा जिला पुलिस बल में भी इसका गठन किया जाएगा। फिलहाल बीएमपी की तीन बटालियन को इसके लिए चुना गया है। बीएमपी की 6, 7 और महिला बटालियन को दंगा निरोधी बटालियन के रूप में जाना जाएगा। एक बटालियन में 6 कंपनी होती है इस हिसाब से बीएमपी की कुल 18 कंपनियां इसमें शामिल होंगी। इसकी ट्रेनिंग शुरू हो चुकी है और 31 दिसम्बर तक बीएमपी की दंगा निरोधी कंपनी को तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। पर इसमें कुछ विलंब होने की संभावना है।

सभी जिलों में होगी दंगा निरोधी कंपनी
बीएमपी के अलावा जिला स्तर पर भी दंगा निरोधी कंपनी का गठन होगा। पटना में जहां इसकी दो कंपनी होगी वहीं बाकी के बड़े जिलों में एक-एक कंपनी तैनाती रहेगी। इसके अलावा छोटे जिलों में कम से कम आधी कंपनी रहेगी। जिला स्तर पर गठित होनेवाले दंगा निरोधी कंपनी में जवानों का चयन जिला पुलिस बल से किया जाएगा। पुलिस मुख्यालय ने जवानों का चयन करने का आदेश सभी जिलों को भेज दिया है।
