#UP #INDIA : अपने खास उत्पादों के जरिए विदेशी मुद्रा कमाने में यूपी ने लंबी छलांग लगाई है। राज्य का निर्यात कारोबार न केवल बढ़ रहा है, बल्कि हाल के महीनों में इसकी रफ्तार राष्ट्रीय दर से 10.26 फीसदी तक ज्यादा हो गई है। चीनी, दालें, मांस, इलेक्ट्रिक मशीनरी, कपड़े, जूता-चप्पल, कालीन जैसे क्षेत्रों में यूपी के उत्पादकों की विदेशों में काफी मांग हो रही है। इसी कारण साल दर साल इनके निर्यात से होने वाली आमदनी भी बढ़ रही है। यूपी से कालीन, हस्तशिल्प, रत्न, कांच का सामान, आभूषण, आयरन व स्टील, दालें, चीनी, रेडीमेड वस्त्र की भी खासी मांग है। खाड़ी के देशों के अलावा यूरोप तक यह उत्पाद जाते हैं।

एक लाख 14 हजार करोड़ हो गया निर्यात : डायरेक्टर जनरल आफ कामर्शियल इंटेलीजेंस एंड स्टैटिक्स के आंकड़ों के मुताबिक, इस साल जुलाई से अगस्त के बीच पूरे देश से निर्यात में जहां -1.04 की कमी आई है। वहीं उत्तर प्रदेश से निर्यात में 10.26 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। अगर इसी साल अप्रैल से अगस्त तक के निर्यात को देखें तो इसमें 12.42 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। यूपी का निर्यात चार साल में 81218.17 करोड़ से बढ़कर 114042.72 करोड़ हो गया है।

