नागरिकता संशोधन विधेयक (कैब) को संसद द्वारा मंजूरी प्रदान किए जाने के बाद जहां कई जगह खुशियां मनाई जा रही है। वहीं कई जगह विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। वहीं इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग आज सुप्रीम कोर्ट में नागरिकता संशोधन 2019 के खिलाफ रिट पीटिशन दायर करेगी।

आपको बता दें कि गृह मंत्री अमित शाह ने राज्यसभा में नागरिकता संशोधन विधेयक पर चर्चा का जवाब देते हुए कांग्रेस नेता चिदंबरम और कपिल सिब्बल पर कटाक्ष करते हुए कहा कि दोनों वकील डरा रहे थे कि बिल अदालत में टिक नहीं पाएगा। मेरा कहना है कि हमारा काम अपनी बुद्धि विवेक से कानून बनाना है। आप अदालत में जाकर बहस करेंगे तो अदालत बताएगी कि क्या ठीक है। पर मेरा मानना है कि यह कानून न्यायालय में न्यायिक समीक्षा के दौरान सही ठहराया जाएगा।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा है कि नागरिकता (संशोधन) विधेयक को निकट भविष्य में अदालत में चुनौती दी जाएगी क्योंकि यह संवैधानिकता के लिहाज से “बेहद संदिग्ध” है। इससे पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने संकेत दिया था कि विधेयक पारित होने पर पार्टी अदालत का रुख करेगी। पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि “हम सभी संभावनाएं तलाशेंगे।”
