#BIHAR #INDIA : पटना सहित अन्य जिलों में हुई बारिश ने सूबे में ठंड बढ़ा दी है। शुक्रवार को 28 किमी की रफ्तार के साथ दक्षिणी पूर्वी हवा ने सिहरन बढ़ा दी है। पटना सहित सूबे के कई जिलों में दिनभर बूंदाबांदी होती रही। इससे पटना का अधिकतम पारा पिछले चौबीस घंटे में पांच डिग्री तक नीचे आ गया, जबकि न्यूनतम तापमान तीन डिग्री तक ऊपर चढ़ा। राजधानी में दिनभर सूरज के दर्शन नहीं हुए और आसमान बादलों से ढंका रहा।

मौसमविदों के मुताबिक शनिवार दोपहर तक इसी तरह की स्थिति बने रहने के आसार हैं। पटना में बारिश के बाद बढ़ी ठंड का जनजीवन पर असर पड़ा और दिनभर लोग रजाई में दुबके रहे। दिनभर कामकाजी लोग सड़कों पर तो दिखे, लेकिन शाम ढलते ही घरों में गरम पकौड़ियों के संग चाय और कॉफी का आनंद लेते रहे। दरअसल पाकिस्तान से राजस्थान तक पश्चिमी विक्षोभ के असर की वजह से पूर्वी उत्तर प्रदेश में साइक्लोनिक सर्कुलेशन की स्थिति बनी है। इस वजह से पश्चिमी और मध्य बिहार के जिलों में मौसम में यह बदलाव आया है।

कैमूर में 40 मिमी बारिश
पटना में शुक्रवार अलसुबह से शाम पांच बजे रुक-रुककर बारिश होती रही। इस दौरान कुल 28 मिमी बारिश दर्ज की गई। कैमूर में 40 मिमी, सीवान, जहानाबाद, एकंगरसराय में 30 मिमी, अरवल, साहेबगंज, बाढ़, इस्लामपुर, बिहारशरीफ, मखदुमपुर, पचरुखी, बक्सर, बिहटा, कुदरा और मीनापुर में 20 मिमी बारिश दर्ज की गई।
