#BIHAR #INDIA : जेडीयू के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रशांत किशोर आज पार्टी के अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात करेंगे। इस मुलाकात को लेकर संभावना जताई जा रही है कि दोनों नेताओं के बीच नागरिकता संशोधन कानून को लेकर भी चर्चा हो सकती है। क्योंकि नागरिकता संशोधन बिल के पास होने के दौरान संसद में जेडीयू ने सपोर्ट किया था। पार्टी के इस फैसले को लेकर प्रशांत किशोर खफा नजर आए थे।

नागरिकता संशोधन बिल पर जदयू के स्टैंड से खफा प्रशांत किशोर ने बुधवार को ट्वीट कर कहा था कि नागरिक संशोधन बिल का समर्थन करने के पहले जेडीयू नेतृत्व को उन लोगों के बारे में सोचना चाहिए, जिन्होंने 2015 में उन पर विश्वास और भरोसा जताया था। हमें नहीं भूलना चाहिए की 2015 की जीत के लिए पार्टी और इसके प्रबंधकों के पास जीत के बहुत रास्ते नहीं बचे थे।

इस मुद्दे पर लगातार दो दिन ट्वीट कर अपनी आपत्ति जताने वाले किशोर का नाम लिए बिना ही नीरज कुमार ने इशारों ही इशारों में जवाब दिया है। गुरुवार की सुबह अपने ट्वीट में कहा कि नीतीश कुमार विचार और कर्म से धर्मनिरपेक्ष हैं। यह दर्पण की तरह साफ है। काम ही उनकी पहचान है।
