#BIHAR #INDIA : बे-मौसम बारिश ने दिन में ठंड बढ़ा दी है। हालांकि शुक्रवार की अपेक्षा शनिवार को अधिकतम तापमान में वृद्धि हुई। रात में बादल के कारण न्यूनतम तापमान भी बढ़ा है। यह 15.6 डिग्री तक पहुंच गया, लेकिन रविवार से यह लुढ़केगा। रात और सर्द होगी। सुबह के समय कोहरा भी घना होगा।

उधर, शनिवार को पटना में तड़के 4.00 बजे के आसपास फिर बारिश हुई। राज्य के अन्य हिस्सों में भी पानी पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ बिहार के उत्तर-पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम से होकर गुजरा है जिसके कारण बारिश हुई। इसका प्रभाव खत्म हो गया है, इसलिए अब बारिश की संभावना न के बराबर है।

रविवार से आसमान साफ होगा। अभी आसमान में बादलों का डेरा है, जिससे बारिश के बावजूद न्यूनतम तापमान में वृद्धि हुई है। आसमान साफ होते ही पूरे बिहार में न्यूनतम तापमान गिरेगा और ठंड और बढ़ेगी। शनिवार को दिन में पटना सहित बिहार के विभिन्न हिस्सों में बादलों के आने-जाने से धूप-छांव की स्थिति रही। बारिश के कारण शुक्रवार को 19 डिग्री पर पहुंचा अधिकतम पारा शनिवार को धूप के कारण 22 पर आ गया।
