#BIHAR #INDIA : बिहार सहित नवादा जिले के लिए खुशखबरी है। मनरेगा में बेहतर कार्य करने के लिए देश के 18 जिलों का चयन किया गया है, जिसमें अपना नवादा भी शामिल है। राष्ट्रीय मनरेगा अवार्ड प्राप्त करने के लिए डीएम कौशल कुमार 19 दिसंबर को खुद दिल्ली जाएंगे।

जिले के मेसकौर, रजौली समेत अन्य प्रखंडों में मनरेगा से कई काम कराए गए। इनमें सोखता निर्माण, तालाब निर्माण, पौधरोपण, कुंओं का जीर्णोद्धार, चैकडेम आदि शामिल हैं। इन कामों से पर्यावरण तो बेहतर हुआ, साथ ही ग्रामीणों को भी इस लाभ मिला। अनेकों योजनाएं अब भी क्रियान्वित हो रही हैं। पहले चरण में देश के सभी जिलों के मनरेगा के कामों को देखा गया। इसके बाद दूसरे चरण में कुल 69 जिलों का चयन हुआ। इनमें बिहार से नवादा और बांका जिला भी था। करीब दो माह पहले नवादा डीएम कौशल कुमार और बांका डीएम ने दिल्ली में मनरेगा की योजनाओं और उन योजनाओं पर हुए काम को लेकर एक घंटे का प्रजेंटेशन दिया था।

मनरेगा अवार्ड कमेटी के सामने डीएम ने नवादा में हुए कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बताया कि किस तरह से ग्रामीण इलाकों में कुंओं का जीर्णोद्धार कर भू-जल संरचना को सुदृढ़ बनाने का प्रयास हो रहा है। इसके साथ ही निजी जमीन व सरकारी जमीन पर मनरेगा से तालाब भी बनवाए जा रहे हैं। तीसरे चरण में राष्ट्रीय मनरेगा अवार्ड के लिए देश के 18 जिलों का चयन किया गया, जिसमें नवादा भी शामिल है।
