#BIHAR : एससी-एसटी कानून के तहत द’र्ज पुराने मामलों का निष्पादन 31 दिसम्बर तक

#BIHAR #INDIA : अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (एससी-एसटी) कानून के तहत दर्ज पुराने मामलों का निष्पादन 31 दिसम्बर तक कर लिया जाएगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश के बाद राज्य पुलिस मुख्यालय ने इसके लिए मुहिम चला रखी है। फाइनल रिपोर्ट और चार्जशीट दायर किए जाने की रोजाना की रिपोर्ट जिला पुलिस से तलब की जा रही है। मुख्यालय के स्तर पर मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है। तय समय सीमा के बाद पुलिस मुख्यालय इसकी समीक्षा करेगा।

30 अक्टूबर 2019 तक थे 5500 मामले

पुलिस मुख्यालय की मुहिम के तहत अक्टूबर 2019 तक एससी-एसटी से जुड़े कानून के तहत करीब 5500 मामले लंबित थे। इन मामलों का अनुसंधान पूरा करने के लिए सभी जिलों के एसएसपी और एसपी को निर्देश दिया गया है। साल के आखिर तक अनुसंधान पूरा करते हुए चार्जशीट दायर करने का लक्ष्य रखा गया है। सीआईडी के अधीन कमजोर वर्ग ने जिलों से रोजाना की कार्रवाई की रिपोर्ट भी ले रहा है। इसका मकसद यह देखना है कि जिला पुलिस किस रफ्तार में काम कर रही है।

60 दिनों में करना है चार्जशीट

एससी-एसटी के खिलाफ किसी भी दूसरी जाति के द्वारा अपराध किया जाता है तो अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मामले दर्ज होते हैं। अपराध की श्रेणी के हिसाब से इसमें करीब 11 धाराएं हैं। नियमानुसार मामला दर्ज होने के 60 दिनों के अंदर पुलिस को अनुसंधान पूरा करते हुए चार्जशीट दायर करना है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.