बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने बीते दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इंटरव्यू लिया था। उनके सवालों को लेकर खूब मजाक भी बना था। अब पहली बार अक्षय ने इस पर अपनी राय रखी है।
एक इवेंट में पहुंचे अक्षय कुमार से सवाल किया गया कि प्रधानमंत्री मोदी से उन्होंने जो सवाल पूछे वो क्या रिसर्च किए हुए थे? जवाब में अक्षय ने कहा कि ‘नहीं ऐसा नहीं था। इंटरव्यू में मैंने उनसे पूछा था कि क्या आप आम खाते हैं? खाते हैं तो कैसे खाते हैं? इस सवाल पर मेरा मजाक उड़ाया गया लेकिन अब इसमें रिसर्च क्या करुं।’

अक्षय आगे कहते हैं कि ‘मेरे मन में जो आया मैंने पूछ लिया। जैसे आप मुझसे पूछ रहे हैं कि आप परांठे खाते हैं? मैंने उनसे पूछ लिया कि आप आम खाते हैं? क्या प्रधानमंत्री आम नहीं खा सकते हैं, चुटकुले नहीं सुना सकते हैं? मैंने तो उन्हें चुटकुला भी सुनाया था। वो एक नॉन पॉलिटिकल इंटरव्यू था।’
अक्षय से जब पूछा गया कि ‘क्या वो देश के गृह मंत्री अमित शाह से कोई सवाल पूछना चाहते हैं?’ इस पर अक्षय ने कहा कि ‘मैं उनसे कहना चाहता हूं कि वो शाम 6.30 बजे के बाद खाना नहीं खाएं क्योंकि हमारे शास्त्रों में भी लिखा है कि सूर्यास्त के बाद खाना नहीं खाना चाहिए। ये फिट रहने के लिए अच्छा होता है। वो देश के एक महत्वपूर्ण इंसान हैं। उन्हें अपनी सेहत का ध्यान रखना चाहिए।’
